रांची : राजधानी रांची में कटहल मोड़ इलाके में एक युवक ने अपनी प्रेमिका को गोली मारकर घायल कर दिया है। गंभीर रूप से घायल युवती को शनिवार को रिम्स मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां अब भी उसकी स्थिति गंभीर है। रिम्स के डॉक्टरों के अनुसार, उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। लगातार निगरानी में है। उम्मीद है कि जल्द ही वह बोलने की हालत में आएगी। युवती का नाम पुनीता कुमारी है और आरोपी युवक का नाम संदीप पासवान बताया जा रहा है।
युवक ने शादी से किया इंकार- परिजन
घटना पर युवती के परिजनों ने कहा कि पुनीता कुमारी और संदीप पासवान एक साथ आठ वर्षों से कटहल मोड़ इलाके के एक मकान में रह रहे थे। जब पुनीता ने शादी की बात की तो संदीप ने इसका इंकार कर दिया। जिसके बाद दोनों में बहस हो गई। इसके बाद गुस्से में युवक ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके मुंह से गर्दन के गले से निकली है।
कपड़े की दुकान पर काम करती है युवती
परिजनों का कहना है कि घायल लड़की कुछ भी बोलने की हालत में नहीं है। उसने लिखकर भी बताया है कि संदीप पासवान और पुनीता कुमारी एक-दूसरे से प्यार करते थे और यही कारण उसने उस पर हमला किया है। घायल युवती के परिवार वालों ने बताया कि उसे आर्थिक समस्याएं थीं। जिसके कारण पुनीता कपड़े की दुकान पर काम करती थी। उसके काम करते समय संदीप पासवान से मिलना हुआ और धीरे-धीरे दोनों में प्यार हो गया। उसने बताया कि संदीप ने बाद में उसे शादी के लिए राजी किया था, लेकिन अभी तक शादी नहीं हुई थी।
आरोपी युवक को पकड़ने के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
पुलिस के अनुसार, घटना के समय पुनीता बोलने की स्थिति में नहीं थी। पुलिस वर्तमान में इस मामले की जांच कर रही है और आरोपी युवक को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। इसके अलावा, पुलिस ये भी जांच कर रही है कि जब लड़की को गोली लगी थी तो संदीप ने उसे अस्पताल क्यों ले गया।
उठ रहे कई सवाल
घटना को लेकर रातू थाना की पुलिस ने बताया कि लड़की बोलने की स्थिति में नहीं है। घटना को लेकर जानकारी ली जा रही है। वहीं पुलिस इस बिंदु पर भी छानबीन कर रही है कि जब लड़की को मारने के लिए आरोपी युवक ने गोली चलाई तो फिर उसे अस्पताल लेकर क्यों गया। पूरे मामले में यह भी अंदेशा लगाया जा रहा है कि हथियार साफ करने के दौरान लड़की को गोली लगी है। जैसे ही घायल लड़की बात करने की स्थिति में होगी पुलिस उसका बयान दर्ज करेगी। फिलहाल पुलिस आरोपी युवक को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।










