खूंटी : जिले के मारंगहादा के एक किसान की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। किसान का नाम चमरा मुंडा है। घटना शनिवार देर शाम लगभग आठ बजे की बताई जा रही है। यह घटना मारंगहादा थाना क्षेत्र के काड़े तुबिद की है। बताया जाता कि खेत में पानी पटाकर किसान चमरा मुंडा जब अपने घर लौट रहे थे उसी समय सड़क पर अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया।
एक मिस फायर बुलेट और तीन खोखा बरामद
बताया जा रहा है कि किसान चमरा मुंडा को अपराधियों ने छह गोली मारी। जबकि घटनास्थल से पुलिस ने एक मिस फायर बुलेट और तीन खोखा बरामद किया है। गोलीबारी की सूचना पर पहुंची मारंगहादा पुलिस ने घटनास्थल से घायल किसान को सदर अस्पताल भेजा गया जहां स्थिति गंभीर होने के बाद उसे रिम्स रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान किसान चमरा मुंडा की मौत हो गई।
घर से 300 मीटर को दूरी पर अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम
जानकारी के अनुसार लांदुप पंचायत क्षेत्र के काड़े तुबिद गांव निवासी चमरा मुंडा धान रोपाई के लिए खेत में पानी पटाने के लिए गया था। देर शाम पंप से पानी पटवन कर अपने घर लौट रहे थे। घर में गर्भवती पत्नी पिंकी बोबी तिडू घर में अपने पति के आने का इंतजार कर रही थी। लेकिन घर से 300 मीटर को दूरी पर अपराधियों ने चमरा मुंडा को गोली मार दी। पत्नी कुछ समझ पाती तबतक अपराधी गोली मारकर फरार हो चुके थे। ये भी बताया जा रहा है कि सड़क से कुछ दूर झाड़ी के पास ले जाकर चमरा मुंडा की छाती, पेट और पैर में छह गोलियां मारी गईं।
वहीं मारंगहादा पुलिस ने हत्या की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच चल रही है। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान पत्नी पिंकी बोबी तिडू के द्वारा बताया गया कि पति चमरा मुंडा खाना खाने खेत से घर लौट रहा था। पिंकी बोबी तिडू ने पुलिस को बताया कि उसके घर से कुछ दूरी पर पहले से पांच छह लोग खड़े थे लेकिन वो समझ नहीं पाई कि वो लोग कौन हैं। लेकिन अचानक गोली की आवाज सुनकर जब वो पहुंची तो देखा कि उसके पति जमीन पर घायल अवस्था में पड़े हुए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।










