रांची : राजधानी रांची में तिरंगे के साथ छेड़छाड़ करने वाले के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मोहर्रम जुलूस में प्रतिनियुक्ति मजिस्ट्रेट राणा बड़ाइक ने डेली मार्केट थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। आईपीसी की धारा 147, 153(ए), 153(बी), 120(बी), 2 और राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ है। इसके बाद पुलिस सभी अखाड़ा संचालक को नोटिस जारी करेगी और पूछताछ के लिए बुलायेगी। वहीं पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लोगों को चिन्हित करने का प्रयास कर रही है।
बता दें कि मुहर्रम जुलूस के दौरान देखा गया की तिरंगे के साथ छेड़छाड़ की गयी है। जिसका किसी ने वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया गया। वायरल हो रहे वीडियो में देखा गया कि राष्ट्रीय ध्वज का रंग तो वही था। लेकिन तिरंगे के बीच से अशोक चक्र को हटाकर वहां कुछ और लिखा हुआ था। लोगों ने जब तिरंगे में बदलाव देखा, तो उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।









