छह माह से अधिक समय से इलाजरत निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल से बिना अनुमति के लोग मिलते हैं। ऐसा करते हुए कई तस्वीरें सामने आयी। खबरें भी प्रकाशित हुई। अब इस मामले की जांच होगी। जांच का आदेश रांची एसएसपी चंदन सिन्हा ने दे दी है। जांच की जिम्मेदारी सदर डीएसपी प्रभात रंजन बरवार को सौंपी गयी है। सदर डीएसपी ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी देखा जा रहा है। अगर किसी तरह की लापरवाही सुरक्षा में लगे कर्मचारियों की दिखती है तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
पूजा सिंघल का चल रहा इलाज
मनी लांड्रिंग मामले की आरोपी और निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल रिम्स में बीते 194 दिनों से इलाज करा रही हैं। उन्हें पेइंग वार्ड का बी 1 कमरा अलॉट किया गया है। उनका सीने में दर्द और माइग्रेन की शिकायत के बाद इलाज चल रहा है। 11 सितंबर को उनसे मिलने रात के लगभग 10 बजे उनके पति अभिषेक झा और एक व्यक्ति आया हुआ था। कुछ देर बाद खुद पूजा सिंघल अपने पति को छोड़ने आई हुई थी। एक अन्य तस्वीर में वह वार्ड के बरामदे में टहलते हुए भी नजर आयी हैं।










