कुड़मी समाज का रेल रोको आंदोलन आज वापस ले लिया गया। आंदोलनकारी 25 सितंबर को झारखंड के मुख्य सचिव से वार्ता करेंगे। 2 अक्टूबर को केंद्रीय गृह सचिव से वार्ता होगी। इस बातचीत के बाद आंदोलन की दिशा तय होगी। आंदोलन को खत्म करने के लिए आंदोलनकारियों के साथ एडीएम लॉ एंड ऑर्डर ने दो घंटे तक वार्ता की। आंदोलन खत्म करने को लेकर टोटेमिक कुड़मी विकास मोरचा के केंद्रीय अध्यक्ष शीतल ओहदार ने बताया कि हमें भरोसा दिया गया है कि इस बातचीत के बाद सरकार रास्ता निकालेगी। हमने अभी आंदोलन स्थगित कर दिया है। अगर प्रशासन ने फिर से ठगने का प्रयास किया तो दो अक्टूबर के बाद राज्यभर में उग्र आंदोलन होगा। सड़क और रेलमार्ग को पूरी तरह से ठप कर दिया जाएगा।
राजधानी एक्सप्रेस ,वंदे भारत वैकल्पिक मार्ग से चली
रांची से दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस लोहरदगा होकर चलाने की तैयारी थी। लेकिन बाद में इसे मुरी होकर चलाने का फैसला लिया गया। इससे यह ट्रेन करीब दो घंटे देरी से रवाना हुई। वहीं रांची-पटना वंदे भारत को रूट बदलकर भेजा गया।
रांची होकर चलने वाली 15 ट्रेनें रद्द
- हटिया-हावड़ा क्रियायोग एक्स.
- गोड्डा रांची एक्स.
- हावड़ा-हटिया एक्स.
- भागलपुर-रांची एक्स.
- बरकाकाना-आद्रा पैसेंजर
- रांची-बोकारो स्टील सिटी पैसेंजर
- टाटानगर-बरकाकाना पैसेंजर
- हटिया-टाटानगर पैसेंजर
- रांची-धनबाद एक्स.
- रांची-भागलपुर एक्स.
- रांची-गोड्डा एक्स.
- हटिया-पटना एक्स.
- हटिया-गोरखपुर मौर्य एक्स.
- रांची-भागलपुर एक्स. ट्रेन
- रांची-कामाख्या एक्स.
ये ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलीं
- हटिया-इस्लामपुर ट्रेन रांची से बरकाकाना-हजारीबाग टाउन-कोडरमा होकर गई।
- रांची-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस ट्रेन रांची-लोहरदगा-टोरी होकर चली।
- इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस कोडरमा-हजारीबाग टाउन-बरकाकाना-मेसरा-टाटीसिल्वे होकर गई।










