सिमडेगा : कुछ दिन पहले विधवा पेंशन में गड़बड़ी का मामला सामने आया। इस मामले में सिमडेगा डीसी अजय कुमार सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सामाजिक सुरक्षा विभाग के दो कंप्यूटर ऑपरेटर को कार्य मुक्त कर दिया। उनके विरुद्ध सदर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है।विगत 15 सितंबर को सिमडेगा के ठेठईटांगर प्रखंड में पेंशन योजना में बड़ी गड़बड़ सामने आयी थी जिसके बाद यह कार्रवाई की गयी।
पति के जिंदा रहते विधवा पेंशन का लाभ
योजना की समीक्षा के दौरान पता चला कि पति के जिंदा रहते एक दर्जन महिलाएं विधवा पेंशन का लाभ ले रही थी। दरअसल पूरा मामला ठेठईटांगर प्रखंड की कोरोमिंग पंचायत का है जहां फर्जी तरीके से विधवा पेंशन लेनेवाली 12 महिलाओं को चिह्नित किया गया था। मामला उस समय प्रकाश में आया जब मुखिया द्वारा पंचायत भवन में पेंशनधारियों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा था। भौतिक सत्यापन के दौरान जब मुखिया ने देखा की जिनके पति हैं वे भी विधवा पेंशन ले रही है तब उसका माथा ठनका और मुखिया ने पंचायत सचिव को इसकी जानकारी दी कि कुछ लाभुक फर्जी तरीके से पिछले कई महीनों से विधवा पेंशन ले रहे हैं।
सामाजिक सुरक्षा विभाग के दो कंप्यूटर ऑपरेटर मोहमद फरहान आलम और सोनिया को चिन्हित किया गया। जिसके बाद डीसी के आदेश पर इन दोनो कंप्यूटर ऑपरेटर को कार्यमुक्त कर दिया गया और इन दोनो के विरुद्ध सिमडेगा थाना में 122/2023 के तहत मामला दर्ज करवाया गया है।










