हजारीबाग जिले में हुई हिंसा के सिलसिले में सोमवार (9 अक्टूबर) को 271 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चोथे ने कहा कि घटना रविवार रात पेलावल इलाके में उस समय हुई जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से भरी बस रांची में एक कार्यक्रम से लौट रही थी. उन्होंने कहा कि जैसे ही बस एक मस्जिद के पास रुकी तो उन्होंने कथित तौर पर ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने शुरू कर दिए और कुछ आपत्तिजनक नारे भी लगाए. इसके बाद कथित तौर पर भीड़ ने बस को निशाना बनाकर पथराव किया. उन्होंने बताया कि हिंसा में बजरंग दल के कम से कम 10 कार्यकर्ता घायल हो गए.
271 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पेलावल थाने में 271 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें 71 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि बाकी अज्ञात हैं. उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस इलाके में गश्त कर रही है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है. उपायुक्त नैंसी सहाय ने कहा कि सरकार हिंसा शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी.










