आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत गढ़वा जिला के विभिन्न पंचायतों में आयोजित हो रहे शिविरों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की आज उपायुक्त शेखर जमुआर द्वारा समाहरणालय गढ़वा के सभागार में सभी संबंधित पदाधिकारियों संग बिंदुवार समीक्षा बैठक किया गया। समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने अब तक प्राप्त आवेदन की जानकारी लिया, साथ हीं अब तक हुए निष्पादन की जानकारी लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर आमजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने आमजनों की समस्याओं को ऑन द स्पॉट निष्पादित करने का निर्देश दिया एवं ऑनलाइन पोर्टल पर अप टू डेट करने को कहा। बैठक में उप विकास आयुक्त द्वारा अबुआ आवास योजना पर जोर देते हुए योग्य लाभुकों से शिविर के माध्यम से आवेदन लेने को कहा गया एवं आगे की कार्रवाई एवं आवास का लाभ देने संबंधित पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। वहीं उपायुक्त ने प्राथमिकता के आधार पर शिविरों में अधिक से अधिक छात्राओं को सावित्री बाई फुले किशोरी संवृद्धि योजना का लाभ देने का निर्देश दिया गया। गुरूजी स्टूडेंट्स क्रेडिट कार्ड के लिए प्राप्त आवेदनों की ससमय निष्पादन का निर्देश दिया गया। केसीसी, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, कंबल वितरण, हेल्थ कैम्प समेत अन्य योजनाओं के आवेदन की ससमय निष्पादित का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सभी वरीय पदाधिकारियों को आपस में समन्वय बनाकर आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत पंचायत में शिविरों का निरीक्षण करने एवं शिविरों को अच्छे से आयोजित कर ससमय आवेदन के निष्पादन कराने का निर्देश दिया। जिससे अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ एवं समस्याओं का निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके। इस बैठक में मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त राजेश कुमार राय, निदेशक डीआरडीए दिनेश प्रसाद सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा विजय कुमार, सिविल सर्जन, जिला भू अर्जन पदाधिकारी एजाज अनवर, जिला शिक्षा पदाधिकारी आकाश कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश, जिला आपुर्ति पदाधिकारी राम गोपाल पांडेय, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नीतीश कुमार निशांत, जिला कल्याण पदाधिकारी नीलेश मुर्मू, जिला कृषि पदाधिकारी शिवशंकर प्रसाद, जिला पशुपालन पदाधिकारी विद्यासागर सिंह, डीपीएम जेएसएलपीएस सुशील दास, सीएससी मैनेजर समेत अन्य संबंधित उपस्थित थे।










