गिरिडीह : मवेशी तस्करी के खिलाफ जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा के निर्देश पर अहिल्यापुर थाना प्रभारी अमरजीत सिंह के नेतृत्व में रविवार तड़के करीब तीन बजे दुलहडीह मोड़ पर वाहन जांच अभियान चलाकर मवेशी लदे 11 पिकअप वैन को पुलिस ने जब्त किया।
सभी 11 वाहनों में क्रूरतापूर्वक पशुओं को लाद कर तस्करी की जा रही थी। जब्त वाहन समेत मुक्त कराए गए मवेशियों को अहिल्यापुर थाना परिसर लाया गया है। पकड़े गए वाहनों में कुल 73 गोवंशी लदे थे। इनमें 32 दुधारू गाएं और पांच बैल समेत 29 गायों के बछड़े भी थे। पुलिस ने बताया कि पशु चिकित्सक द्वारा जांच किए जाने के बाद सभी पशुओं को गोशाला भेज दिया जाएगा।
तस्करी के लिए ले जाए जा रहे गोवंशियों को पकड़े जाने के बाद रविवार को दिन में गिरिडीह पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा अहिल्यापुर थाना पहुंचे। यहां उन्होंने सभी गायों की स्थिति देखी। अहिल्यापुर थाना प्रभारी अमरजीत सिंह को निर्देश दिया कि दुधारू गायों को क्रूरतापूर्वक वाहनों में लोड कर ले जाने के मामले में अलग से एक प्राथमिकी करें। वहीं अन्य गोवंशियों की तस्करी की भी प्राथमिकी लिखें।
पत्रकारों से बातचीत के क्रम में एसपी ने कहा कि अवैध रूप से गोवंशियों की तस्करी करने वाले लोग अब नए-नए तरीके ढूंढकर पशुओं को ले जाते हैं। उन्होंने बताया कि वाहनों में दो दुधारू गायों को आगे चेहरा कर खड़ा किया जाता है और उसी वाहन में पीछे ठूंसकर वैसे गोवंशियों को डाल दिया जाता है, जो दूध नहीं दे रहे। उन्होंने कहा कि इससे तस्कर यह साबित करना चाहते हैं कि दुधारू गायों को खरीदकर घरेलू इस्तेमाल के लिए ले जा रहे हैं।










