झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा झारखण्ड सामान्य स्नातक स्तर योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (JSSC-CGL) का आयोजन किया गया। गढ़वा जिले में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए जिनमें कदाचार मुक्त एवं स्वच्छ व शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा के आयोजन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम एवं सभी गाईड लाइन्स का पूर्णतया अनुपालन सुनिश्चित कराया गया। सभी परीक्षा केंद्रों पर निगरानी हेतु सीसीटीवी कैमरा लगाए गए। परीक्षा सम्पन्न कराने के पश्चात उपायुक्त शेखर जमुआर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उक्त जानकारी मीडिया संग साझा किया। उन्होंने कहा कि जिले में कुल 19 परीक्षा केंद्रों में पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट, पुलिस कर्मी एवं इन्विजिलेटर की प्रतिनियुक्ति की गई। कुल 5292 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।

उपायुक्त ने बताया कि जिला कोषागार से दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी/फोर्स की निगरानी में परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्न पत्र के बक्सों को ससमय भिजवाया गया। राज्य सरकार द्वारा निर्धारित सभी गाईडलाइंस का अनुपालन कराते हुए जिले में बने 19 परीक्षा केंद्रों पर पूरी चेकिंग के साथ कतारबद्ध तरीके से परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश कराया गया। परीक्षा तीन पालियों में सम्पन्न हुआ, प्रथम पाली- 08.30 पूर्वा० से 10.30 पूर्वा तक, द्वितीय पाली- 11.30 पूर्वा० से 01.30 अप० तक एवं तृतीय पाली- 03.00 अप० से 05.00 अप० तक संचालित हुआ।
उक्त प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के लिए विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर हेल्पलाइन डेस्क की भी व्यवस्था की गई थी जिससे परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो। साथ ही जिले के विभिन्न आश्रयगृहों, होटल, रेस्टोरेंट, धर्मशाला आदि के मालिकों से समन्वय स्थापित किया गया जिससे परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को जिले में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े एवं गढ़वा जिले की छवि पर बुरा प्रभाव न पड़े।
परीक्षा को लेकर बने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था समेत अन्य गाईड लाइन के अनुरूप व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के क्रम में परीक्षा केन्द्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए गए। गाईड लाइंस का पूर्णत: अनुपालन के साथ-साथ सभी परीक्षार्थी शांतिपूर्ण, कदाचार मुक्त एवं स्वच्छ माहौल में परीक्षा देते दिखे। मौके पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों समेत अन्य संबंधित द्वारा सक्रिय भूमिका निभाई गई। साथ ही बताया गया कि झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा झारखण्ड सामान्य स्नातक स्तर योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा दिनांक 21 और 22 सितंबर को निर्धारित है।










