नवादा : बिहार में रामनवमी के जुलूस के बाद भड़के तनाव के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को नवादा पहुंचे। जहां जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर नीतीश सरकार पर जमकर बरसे। अमित शाह ने कहा कि मुझे सासाराम जाना था लेकिन वहां हिंसा भड़की हुई है। गोली चल रही है। जनता से मांफी मांगता हूं। बिहार शरीफ में आग लगी हुई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कानून व्यवस्था नहीं संभल रही है। बिहार में बीजेपी की सरकार बनवा दीजिये। दंगा करने वालों को उल्टा लटकाकर सीधा कर देंगे। बिहार में कानून व्यवस्था पीएम मोदी ही ठीक कर सकते हैं।
सासाराम में लोगों पर चल रही गोलियां
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार की वजह से नवादा में किसानों को खाद नहीं मिल रहा है। बिहार में फिर से जंगलराज लौट आया है। सासाराम में हिंसा की वजह से मैं नहीं जा पाया। सासाराम में लोगों पर गोलियां चल रही है। वहीं बिहारशरीफ में आग लगी है। आज पूरा बिहार चिंता कर रही है।
लालू यादव की गोद में बैठे हैं नीतीश
उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सत्ता के लिए लालू यादव की गोद में बैठने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी कालाबजारी और भ्रष्टाचारियों से बिहार को मुक्त कराएंगे। प्रधानमंत्री की कुर्सी अभी खाली नहीं है, लालू यादव गलतफहमी में हैं।