झारखण्ड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 46 अधिकारियों का बड़े पैमाने पर स्थानांतरण और पदस्थापन किया है. 17 अप्रैल 2026 को जारी इस अधिसूचना के तहत एडीजी (ADG) स्तर से लेकर सहायक पुलिस अधीक्षक स्तर तक के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं. इस फेरबदल में अपराध अनुसंधान विभाग के एडीजी मनोज कौशिक को मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि कई महत्वपूर्ण जिलों जैसे देवघर, पलामू, बोकारो और चतरा के पुलिस अधीक्षकों (SP) का तबादला कर दिया गया है l
अधिसूचना के अनुसार, श्री नरेन्द्र कुमार सिंह को पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) बनाया गया है, साथ ही उन्हें पलामू क्षेत्र का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. वहीं, पंकज कम्बोज को मानवाधिकार विभाग का अतिरिक्त प्रभार मिला है. जिलों की कमान में भी बड़ा बदलाव देखा गया है, जहाँ श्रीमती निधि द्विवेदी को पाकुड़ से सरायकेला खरसावाँ, श्री प्रवीण पुष्कर को राँची ग्रामीण से देवघर, और श्री कपिल चौधरी को पलामू का नया एसपी नियुक्त किया गया है. इसके अलावा, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) और विशेष शाखा (Special Branch) में भी नए चेहरों की तैनाती की गई है.
इस फेरबदल में न केवल अनुभवी अधिकारियों बल्कि युवा और प्रशिक्षणरत (Probationary) अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियाँ दी गई हैं. सिमरिया, हुसैनाबाद, पतरातू और चक्रधरपुर जैसे क्षेत्रों में नए अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारियों (SDPO) की नियुक्ति की गई है.










