- गढ़वा में जनगणना-2027 को मिली गति, 15 मई तक ऑनलाइन स्व-गणना का अवसर
- उपायुक्त ने पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर नागरिकों को दिया सुगम और सटीक गणना का संदेश
- 01 मई से 15 मई तक ‘ऑनलाइन स्व-गणना’ पोर्टल के माध्यम से घर बैठे जनगणना में भागीदारी ले सकेंगे जिलेवासी
- 16 मई से 14 जून तक प्रगणकों के द्वारा घर-घर जाकर मकानों की होगी गणना
**************************************
गढ़वा। जनगणना-2027 के अंतर्गत चल रहे ‘ऑनलाइन स्व-गणना’ (Self-Enumeration) अभियान को गति देते हुए उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री अनन्य मित्तल ने ‘ऑनलाइन स्व-गणना’ पोर्टल पर पंजीकरण कर जिलेवासियों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की।
*उपायुक्त ने आधिकारिक पोर्टल *se.census.gov.in* *पर अपनी जानकारी दर्ज कर सफलतापूर्वक SE ID प्राप्त की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्व-गणना केवल एक डिजिटल सुविधा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सीधी भागीदारी का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन माध्यम से दी गई जानकारी अधिक सटीक, पारदर्शी और विश्वसनीय होती है, जिससे त्रुटियों की संभावना न्यूनतम रहती है।*
उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि *01 मई से 15 मई 2026 तक उपलब्ध इस ऑनलाइन सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और घर बैठे अपनी जनगणना संबंधी जानकारी स्वयं दर्ज करें।* इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि वास्तविक समय (Real-time) में गुणवत्तापूर्ण डेटा संग्रह सुनिश्चित होगा, जो भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि सटीक और पूर्ण जनगणना किसी भी जिले एवं राष्ट्र की प्रगति का आधार होती है। अतः सभी नागरिक निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी सही जानकारी दर्ज कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहभागी बनें।
*वहीं, जो नागरिक किसी कारणवश ऑनलाइन स्व-गणना करने में असमर्थ हैं, उनके लिए 16 मई से 14 जून 2026 के बीच प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मकानों की गणना एवं आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी।*
समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मियों ने भी स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण कर इस अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
*स्व-गणना की सरल प्रक्रिया*
नागरिक निम्नलिखित चरणों का पालन कर आसानी से अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं:👇
*आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाएँ*
*मोबाइल नंबर एवं OTP के माध्यम से सुरक्षित लॉगिन करें*
*राज्य, जिला एवं स्थानीय क्षेत्र का चयन करें*
*डिजिटल मैप पर अपने घर का सटीक स्थान चिन्हित करें*
*परिवार एवं आवास से संबंधित आवश्यक विवरण भरें*
*जानकारी सबमिट करने के बाद अपनी विशिष्ट SE ID प्राप्त करें*
महत्वपूर्ण निर्देश
- प्राप्त SE ID को सुरक्षित रखें, यह आगे सत्यापन हेतु आवश्यक होगी
- 02 मई से 14 जून 2026 के बीच SE ID का उपयोग किया जाएगा
- गणनाकर्मी के घर आगमन पर SE ID दिखाना अनिवार्य होगा
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस आधुनिक एवं पारदर्शी डिजिटल पहल में बढ़-चढ़कर भाग लें और जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।










