- मंडल डैम निर्माण कार्य का संयुक्त निरीक्षण, प्रगति व सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा; कार्य में तेजी लाने के निर्देश
गढ़वा। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री पशुपतिनाथ मिश्रा द्वारा मंडल डैम स्थल पहुंचकर कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यों की वर्तमान प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप निष्पादन की स्थिति का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करने का निर्देश दिया।

यह संयुक्त निरीक्षण गढ़वा एवं लातेहार जिला प्रशासन की समन्वित पहल के तहत किया गया। निरीक्षण दल में लातेहार के उपायुक्त संदीप कुमार, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार सहित लातेहार जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहे। वहीं गढ़वा जिला से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंका रोहित कुमार, भंडरिया थाना के निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित थे। संयुक्त टीम ने स्थल के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्री मिश्रा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मंडल डैम जैसी महत्वपूर्ण परियोजना के कार्यों को निर्धारित मानकों, पारदर्शी प्रक्रिया तथा तय समय-सीमा के भीतर पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही स्थल पर आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

संयुक्त निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों द्वारा परियोजना से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से पिकेट तैयार कर लिया गया है। इसके मद्देनजर संबंधित विभाग एवं पुलिस प्रशासन को स्थल पर पर्याप्त संख्या में फोर्स डिप्लॉय कर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा कार्यों को निर्बाध रूप से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर कर परियोजना की गति और तेज की जा सकेगी।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने मंडल डैम परियोजना के सामाजिक एवं विकासात्मक महत्व पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसके पूर्ण होने से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन तथा कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर विकास गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और लोगों को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होने की संभावना है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मंडल डैम परियोजना की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि कार्य निर्धारित मानकों और सुरक्षा प्रावधानों के अनुरूप तय समय में पूरा हो सके। संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परियोजना को तेजी से पूरा कराने के लिए हर आवश्यक कदम उठाने की बात कही।










