◆ उपायुक्त ने जनसुनवाई के माध्यम से सुनी आमजनों की समस्याएं
◆ प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को किया निदेशित
उपायुक्त गढ़वा पशुपतिनाथ मिश्रा ने आज समाहरणालय सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए आमजनों की समस्याओं को उपायुक्त द्वारा गंभीरता से बारी-बारी सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।

उक्त जनसुनवाई में मंझिआंव प्रखंड के दवनकारा निवासी ननकेश्वर पासवान ने आवेदन समर्पित करते हुए पिछले 4 माह से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने की बात कही है। उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने के चलते आर्थिक संकट की स्थिति आ गई है एवं जीवन यापन करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। अत: उन्होंने इसकी आवश्यक जांच कराते हुए सामाजिक सुरक्षा अंतर्गत मिलने वाले वृद्धावस्था पेंशन को चालू कराने का अनुरोध किया है।

कांडी प्रखंड के सेमौरा निवासी सिताबी यादव ने आवेदन समर्पित करते हुए अयोग्य व्यक्ति को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले लाभ की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि कांडी प्रखंड के सरकोनी पंचायत में शीला देवी, पति चंद्रमणि मिश्रा को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अयोग्य होने के बावजूद भी योजना से लाभान्वित किया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त लाभुक का पूर्व से ही पक्का मकान है, जिसका जियो टैग संबंधित कर्मी द्वारा करके पैसे की निकासी की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी जांच हेतु आवेदन दिया गया था परंतु अभी तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हो सकी है। अतः उन्होंने इस मामले की जांच कराते हुए दोषी व्यक्तियों पर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
गढ़वा जिले में नव पदस्थापित गणित एवं विज्ञान के सहायक आचार्यों (वर्ग 6-8) ने आवेदन देते हुए जीपीफ खाता नहीं खुलने, सत्यापन कार्य पूर्ण नहीं होने एवं पिछले 9 महीने से वेतन भुगतान नहीं होने की बात कही है। उन्होंने बताया कि झारखंड के अन्य जिले में नवनियुक्त सहायक आचार्यों का वेतन भुगतान हो चुका है, परंतु इस जिले में सहायक आचार्य का भुगतान लंबित है जिसके कारण आर्थिक समस्या की स्थिति उत्पन्न हो गई है तथा जीविकोपार्जन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अत: उक्त सभी सहायक आचार्यों ने उपायुक्त से इस दिशा में उचित समाधान करने का अनुरोध किया है।
सदर प्रखंड के तिलदाग निवासी मुकुंद कुमार पाल ने आवेदन समर्पित करते हुए जीप चालक के पद पर कार्य करने की स्वीकृति देने हेतु अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि वे पिछले 14 वर्षों से जिला यक्ष्मा केंद्र कार्यालय गढ़वा में अनुबंध आधारित जीप चालक के पद पर कार्यरत थें। परंतु बिना कारण के उन्हें अब हटा दिया गया है जिसके कारण उनके समक्ष आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। अतः उन्होंने पूर्व की भांति जीप चालक के पद पर कार्य करने हेतु संबंधित पदाधिकारी को निदेशित करने का अनुरोध किया है।
इसी प्रकार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शेष अन्य लोगों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं को बारी-बारी से उपायुक्त के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उपायुक्त श्री मिश्रा द्वारा संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही संबंधित विभागों के कार्यालय प्रधान को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आमजनों से प्राप्त शिकायतों व समस्याओं को निष्पादित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गयें।










