- उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला अनुकंपा समिति की बैठक संपन्न
- तीन आवेदकों की अनुकंपा नियुक्ति हेतु समिति ने की अनुशंसा
**************************************
गढ़वा। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में जिला अनुकंपा समिति की बैठक उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों की अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति से संबंधित मामलों पर विचार किया गया।
समिति के समक्ष प्रस्तुत तीन आवेदनों की विस्तृत जांच की गई। इस दौरान उपायुक्त ने आवेदकों की शैक्षणिक योग्यता, एनओसी तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ली। साथ ही मृत्यु प्रमाण पत्र, शैक्षणिक, आवासीय एवं चरित्र प्रमाण पत्र, शपथ पत्र, विभागीय निर्देशों सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया गया।
जांच के उपरांत अहर्ता पूर्ण करने वाले तीनों आवेदकों – कृष्ण कन्हैया पाठक, संतोष कुमार पाल एवं शिवपूजन साहू के आवेदन स्वीकृत करते हुए समिति ने अनुकंपा नियुक्ति हेतु अनुशंसा की।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्थापना उपसमाहर्ता पदाधिकारी श्री देवानंद राम को निर्देश दिया कि अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित समिति की बैठक प्रत्येक माह आयोजित की जाए तथा ऐसे मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।










