◆ गढ़वा शहर अंतर्गत रंका मोड़ से नवादा मोड़ तक सड़क निर्माण को लेकर उपायुक्त ने की तकनीकी पदाधिकारियों के साथ बैठक
◆ एक सप्ताह के अंदर निर्माण कार्य करें पूर्ण, अन्यथा संवेदक पर होगी कार्रवाई: उपायुक्त
उपायुक्त गढ़वा पशुपति नाथ मिश्रा द्वारा आज अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में गढ़वा शहर अंतर्गत रंका मोड़ से नवादा मोड़ तक निर्माणाधीन सड़क को पूर्ण करने को लेकर सभी संबंधित तकनीकी पदाधिकारियों के साथ बैठक करते हुए आवश्यक निदेश दिया गया।
विदित हो कि रंका मोड़ से नवादा मोड़ तक रोड निर्माण का कार्य अबतक अधूरा है, जो एक तरफ बना है एवं एक तरफ निर्माणाधीन है। उक्त सड़क निर्माण कार्य पूर्ण करने हेतु बैठक का आयोजन किया गया।

समीक्षा के क्रम में उपायुक्त द्वारा सड़क निर्माण के अद्यतन स्थिति के बारे में पूछने पर बताया गया कि रंका मोड़ से लेकर नवादा मोड़ के बीच में विद्युत पोल एवं तार, जो रोड पर थें उन्हे नया तार पोल लगाकर शिफ्ट कर दिया गया है। कुछ पुराने खंभे जो अभी तक रोड पर हैं, उनको हटाने का कार्य चल रहा है। सड़क निर्माण स्थल से शीघ्र ही बिजली के पुराने पोल और खंभे को हटा दिया जाएगा। इसके बाद रोड साइड के एक तरफ अधूरे पड़े सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण करने हेतु कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

उपायुक्त श्री मिश्रा द्वारा उक्त सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण करने को लेकर एक सप्ताह का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के अंदर रंका मोड़ से नवादा मोड़ तक दूसरे लेन का अधूरा पड़ा सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, अन्यथा संवेदक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में बताया कि सड़क के एक तरफ का हिस्सा बने होने, जबकि दूसरे तरफ अधूरा होने से राहगीरों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। आवागमन में असुविधा हो रही है एवं दुर्घटना की संभावना बनी हुई है। इसलिए इस सड़क को यथाशीघ्र पूर्ण करना अनिवार्य है, जिसके फलस्वरूप सभी संलग्न तकनीकी पदाधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
उक्त बैठक में अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग प्रदीप कुमार, कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल महेश्वर कुमार, शिवालय कंस्ट्रक्शन के प्रोजेक्ट मैनेजर बृजेश कुमार, SHAJ (स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ़ झारखंड) के अधिकारी समेत अन्य अभियंतागण उपस्थित थें।










