- विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में गढ़वा जिला तेज़ी से बढ़ा आगे, 94.77 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण पूर्ण
- मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर कर रहा कार्य, 29 जुलाई तक सभी प्रक्रियाएं पूरी करने का लक्ष्य
************************************
गढ़वा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–SIR) अभियान के अंतर्गत गढ़वा जिला प्रशासन मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर कार्य कर रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा स्वयं अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को पूरा कराने के लिए लगातार निगरानी कर रहे हैं।
अभियान के तहत जिले के सभी बूथ स्तर पदाधिकारी (बीएलओ) घर-घर पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। साथ ही गणना प्रपत्र (Enumeration Form) का वितरण, आवश्यक दस्तावेजों का संकलन, प्रपत्रों का सत्यापन, डिजिटाइजेशन एवं ऑनलाइन प्रविष्टि का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि 29 जुलाई 2026 तक सभी निर्धारित कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रमानुसार 05 अगस्त 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा सके।
अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित कर रहे हैं। वहीं सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण कर प्रत्येक गणना प्रपत्र का समयबद्ध सत्यापन, डिजिटाइजेशन एवं ऑनलाइन अपलोड सुनिश्चित करा रहे हैं।
जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी 957 ईपी पार्ट्स (100 प्रतिशत) का डाउनलोड एवं प्रिंट कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। इसके बाद बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों के वितरण का कार्य निरंतर जारी है।
अब तक जिले में 8,16,980 गणना प्रपत्रों, अर्थात कुल प्रपत्रों के 94.77 प्रतिशत का वितरण किया जा चुका है। इसके साथ ही 2,93,478 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 486 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन तथा 2,92,990 प्रपत्रों का सफलतापूर्वक सत्यापन पूरा किया जा चुका है। यह उपलब्धि अभियान के सफल क्रियान्वयन एवं जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
*80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति*
80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,26,661 मतदाता पंजीकृत हैं। यहां अब तक 3,90,468 गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त 1,33,827 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 273 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन तथा 1,33,552 प्रपत्रों का सत्यापन बीएलओ द्वारा पूर्ण कर लिया गया है।
*81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में भी अभियान को मिली गति*
81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,35,431 मतदाता सूचीबद्ध हैं। यहां 4,26,512 गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है। साथ ही 1,59,651 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 213 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन तथा 1,59,438 प्रपत्रों का सत्यापन सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है।
*मैपिंग एवं प्रोजेनी मैपिंग का कार्य भी जारी*
मतदाता विवरण के डिजिटाइजेशन के साथ-साथ मैपिंग एवं प्रोजेनी मैपिंग का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। अब तक जिले में 1,20,282 प्रपत्रों की मैपिंग तथा 1,65,593 प्रोजेनी मैपिंग पूर्ण हो चुकी है, जबकि 7,116 प्रपत्रों की मैपिंग का कार्य शेष है, जिसे निर्धारित समय के भीतर पूरा करने की दिशा में कार्य जारी है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन रूप से दर्ज करना है, ताकि आगामी चुनावों के लिए पूर्णतः शुद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सके। इसके लिए सभी बीएलओ को समयबद्ध तरीके से घर-घर जाकर कार्य पूरा करने, प्रत्येक गणना प्रपत्र का सत्यापन सुनिश्चित करने तथा डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
*मतदाताओं से सक्रिय सहयोग की अपील*
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने जिले के सभी मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब बीएलओ आपके घर आएं, तो उन्हें आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, गणना प्रपत्र को सही एवं पूर्ण रूप से भरकर समय पर जमा करें तथा अपने मतदाता विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं।
उन्होंने कहा कि “शुद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय मतदाता सूची का निर्माण जनसहभागिता से ही संभव है। प्रत्येक नागरिक का सहयोग लोकतंत्र को और अधिक मजबूत एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।”










