- गढ़वा में मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 99.58% गणना प्रपत्रों का वितरण पूरा
- 05 अगस्त तक प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची, उपायुक्त स्वयं कर रहे हैं अभियान की लगातार मॉनिटरिंग
************************************
गढ़वा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत गढ़वा जिला प्रशासन मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा स्वयं अभियान की नियमित समीक्षा कर रहे हैं तथा सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने के लिए लगातार निगरानी रखे हुए हैं।
अभियान के अंतर्गत जिले के सभी बूथ स्तर पदाधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। इसके साथ ही गणना प्रपत्रों का वितरण, आवश्यक दस्तावेजों का संकलन, प्रपत्रों का सत्यापन, डिजिटाइजेशन और ऑनलाइन प्रविष्टि का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि 29 जुलाई 2026 तक सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 05 अगस्त 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जा सके।
अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) नियमित समीक्षा बैठकें कर रहे हैं। वहीं सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण कर प्रत्येक गणना प्रपत्र के समयबद्ध सत्यापन, डिजिटाइजेशन और ऑनलाइन अपलोड की प्रक्रिया सुनिश्चित करा रहे हैं।
*जिले में अब तक की उल्लेखनीय उपलब्धियां*
गढ़वा जिले में अब तक 8,58,459 गणना प्रपत्रों, यानी कुल प्रपत्रों के 99.58 प्रतिशत का वितरण पूरा हो चुका है। इसके अलावा 4,73,598 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 633 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन तथा 4,72,963 प्रपत्रों का सफल सत्यापन किया जा चुका है। यह प्रगति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता और अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाती है।
*80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में तेज गति से आगे बढ़ रहा अभियान*
गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,26,661 मतदाता पंजीकृत हैं। यहां 4,24,949 गणना प्रपत्रों का वितरण, 2,12,954 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 374 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन तथा 2,12,578 प्रपत्रों का सत्यापन सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है।
*81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में भी संतोषजनक प्रगति*
भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,35,431 मतदाता सूचीबद्ध हैं। यहां अब तक 4,33,510 गणना प्रपत्रों का वितरण, 2,60,644 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 259 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन और 2,60,385 प्रपत्रों का सत्यापन पूर्ण किया जा चुका है।
*मैपिंग और प्रोजेनी मैपिंग का कार्य भी जारी*
मतदाता विवरण के डिजिटाइजेशन के साथ-साथ मैपिंग एवं प्रोजेनी मैपिंग का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिले में अब तक 1,88,127 प्रपत्रों की मैपिंग तथा 2,67,824 प्रोजेनी मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि शेष 17,013 प्रपत्रों की मैपिंग निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने के लिए कार्य जारी है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही और अद्यतन रूप में दर्ज करना है, ताकि आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सके। इसके लिए सभी बीएलओ को घर-घर जाकर समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने, प्रत्येक गणना प्रपत्र का सत्यापन सुनिश्चित करने तथा डिजिटाइजेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
*मतदाताओं से सहयोग की अपील*
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने जिले के सभी मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब बीएलओ आपके घर पहुंचें, तो उन्हें आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर समय पर जमा करें तथा अपने मतदाता विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं।
उन्होंने कहा, *शुद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय मतदाता सूची का निर्माण जनसहभागिता से ही संभव है। प्रत्येक नागरिक का सहयोग लोकतंत्र को और अधिक मजबूत एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।










