- सब डिविजनल बार एसोसिएशन, नगर उंटारी भवन निर्माण का हुआ शिलान्यास, न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने फीता काटकर रखी आधारशिला
- अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा नया भवन, लाइब्रेरी एवं 200 से अधिक लोगों के बैठने की होगी व्यवस्था
**************************************
गढ़वा। सब डिविजनल सिविल कोर्ट, नगर ऊंटारी (श्री बंशीधर नगर) परिसर में सब डिविजनल बार एसोसिएशन के नए भवन के निर्माण हेतु शिलान्यास दिनांक 26 जुलाई 2026 (रविवार) को गरिमामय समारोह के बीच किया गया। माननीय न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, न्यायाधीश, झारखंड हाई कोर्ट एवं एडमिनिस्ट्रेटिव जज, गढ़वा जजशिप ने फीता काटकर प्रस्तावित बार एसोसिएशन भवन की आधारशिला रखी।

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, गढ़वा मनोज प्रसाद, उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, सब डिविजनल बार एसोसिएशन, नगर ऊंटारी के सचिव उदय प्रताप सिंह, अध्यक्ष ब्रजेश कुमार चौबे, बार एसोसिएशन, गढ़वा के अध्यक्ष भृगुनाथ चौबे सहित न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्तागण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बताते चलें कि गढ़वा जिले में अब तक अधिवक्ताओं के लिए बार एसोसिएशन का कोई समुचित एवं स्थायी भवन उपलब्ध नहीं था, जिसके कारण अधिवक्ताओं के बैठने एवं न्यायिक कार्यों से जुड़े आवश्यक कार्यों के लिए सुविधाजनक व्यवस्था का अभाव बना हुआ था। अधिवक्ताओं की इस लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को देखते हुए बार एसोसिएशन भवन के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई।
इसी क्रम में भवन निर्माण हेतु शिलान्यास समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, न्यायाधीश, झारखंड हाई कोर्ट एवं एडमिनिस्ट्रेटिव जज, गढ़वा जजशिप को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए माननीय न्यायमूर्ति 25 जुलाई 2026 को गढ़वा के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे।
अपने दौरे के क्रम में उन्होंने गढ़वा सिविल कोर्ट का निरीक्षण एवं भ्रमण भी किया, जहां जिले के विभिन्न बार एसोसिएशनों के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने संयुक्त रूप से उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए माननीय न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन भवन का निर्माण अधिवक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भवन तक पहुंचने में वर्तमान में होने वाली असुविधा को देखते हुए पहुंच पथ सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी आवश्यक पहल की जाएगी, ताकि अधिवक्ताओं, न्यायिक पदाधिकारियों एवं आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित भवन को केवल अधिवक्ताओं के बैठने तक सीमित न रखते हुए इसे सार्थक, सुविधाजनक एवं जनोपयोगी स्वरूप प्रदान किया जाना चाहिए। भवन में अधिवक्ताओं के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ लाइब्रेरी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही लगभग 200 से 300 लोगों के बैठने की क्षमता वाले हॉल एवं कमरों की व्यवस्था किए जाने की बात भी कही गई।
माननीय न्यायमूर्ति ने कहा कि पुस्तकालय जैसी सुविधाएं न्यायिक ज्ञान, अध्ययन-अध्यापन एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बार एसोसिएशन भवन में एक समृद्ध लाइब्रेरी सहित ऐसी सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जाएगा, जिनका लाभ अधिवक्ताओं के साथ-साथ समाज के लोगों को भी मिल सके। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक संरचना न होकर ज्ञान, न्याय और सामाजिक सरोकारों का केंद्र बने, इसके लिए सभी को सार्थक प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने भवन तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पहुंच पथ एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास की आवश्यकता पर भी बल दिया, ताकि आने वाले समय में यह पूरा परिसर अधिवक्ताओं एवं आमजनों के लिए सुविधाजनक और सुगम बन सके।
शिलान्यास समारोह के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। माननीय न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव सहित उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी समुचित देखभाल करने का संकल्प लेते हुए कहा कि हरियाली और पर्यावरण संरक्षण स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने सब डिविजनल बार एसोसिएशन के नए भवन के निर्माण हेतु किए गए शिलान्यास को क्षेत्र के अधिवक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि नए भवन के निर्माण से अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे न्यायिक कार्यों के सुचारू संचालन में भी सहूलियत होगी।
समारोह में उपस्थित सभी गणमान्य लोगों ने नए बार एसोसिएशन भवन के निर्माण एवं शिलान्यास के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उम्मीद जताई कि भवन के निर्माण के साथ-साथ पहुंच पथ एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास से यह परिसर आने वाले समय में अधिवक्ताओं, न्यायिक व्यवस्था और समाज के लिए अत्यंत उपयोगी एवं महत्वपूर्ण साबित होगा।










