◆ उपायुक्त ने जनसुनवाई के माध्यम से सुनी आमजनों की समस्याएं
◆ प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को किया निदेशित
उपायुक्त गढ़वा पशुपति नाथ मिश्रा ने आज समाहरणालय सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए आमजनों की समस्याओं को उपायुक्त द्वारा गंभीरता से बारी-बारी सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।

उक्त जनसुनवाई में सर्वप्रथम चिनिया प्रखंड के बरवाडीह के ग्रामीणों समेत बरवाडीह पंचायत समिति सदस्य एवं संबंधित वार्ड सदस्य ने सामूहिक हस्ताक्षरित आवेदन समर्पित करते हुए राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिगसीगा कला के सहायक शिक्षकों की कार्यशैली की जांच कराते हुए स्थानांतरित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिगसीगा कला में सभी सहायक शिक्षक स्थानीय स्तर के हैं, जो विद्यालय में उपस्थिति बनाकर कुछ समय बाद ही अपने-अपने घर चले जाते हैं और पुन: विद्यालय में उपस्थिति दर्ज की जाती है, जिसके चलते बच्चों के पठन-पाठन का कार्य बाधित होता है। विरोध करने पर उपरोक्त शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अनुचित व्यवहार भी किया जाता है। अतः समस्त ग्रामीणों ने उक्त विद्यालय की उच्च स्तरीय जांच कराते हुए दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों पर उचित कार्रवाई करने एवं उन्हें स्थानांतरित करने का अनुरोध किया है।
मेराल प्रखंड के पढुवा निवासी सुरेश साह द्वारा भूमि सीमांकन के संबंध में आवेदन समर्पित किया गया। उन्होंने बताया कि भूमि सीमांकन के लिए अंचल कार्यालय मेराल में आवेदन किया गया था, जिसके फलस्वरुप अंचल अधिकारी द्वारा दिनांक 29.06.2026 को भूमि का सीमांकन करने का आदेश प्राप्त है। बावजूद इसके आज तक भूमि का सीमांकन नहीं किया गया है। अत: उन्होंने अपने भूमि का सीमांकन कराने का अनुरोध किया है।
बरडीहा प्रखंड के सेमरी निवासी हाफिज अंसारी ने मैरून बीबी की ओर से आवेदन समर्पित करते हुए बताया कि मैरून बीबी भू-दान (लाल परचा) भूमि की वैध धारक है। उन्होंने शिकायत की है कि अंचल अधिकारी बरडीहा एवं संबंधित पंचायत की मुखिया द्वारा उनके भू-दान से मिले भूमि एवं उस भूमि से सटे आदिवासी रैयत भूमि पर जबरन रास्ता का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने इस मामले की जांच कराते हुए उचित कार्रवाई करने एवं रैयतों के निजी जमीन के स्थान पर सरकारी भूमि पर रास्ता निर्माण कराने का अनुरोध किया है।
कांडी प्रखंड के उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय कांडी के टीजीटी शिक्षक विकास कुमार कश्यप एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालय बरवाडीह कांडी के सहायक शिक्षक विजय कुमार तिवारी ने अपना एवं पारिवारिक स्वास्थ्य का कारण बताते हुए अपने निवास के स्थानीय निकटतम विद्यालयों में प्रतिनियोजन करने का अनुरोध किया है। उपरोक्त शिक्षकों ने अपने एवं अपने परिवार जनों के खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए चिकित्सकों की देखरेख में नियमित स्वास्थ्य जांच एवं इलाज की आवश्यकता बताई एवं अपने स्वास्थ्य कारणों से विद्यालय के लिए लंबी दूरी तय करने में असमर्थता जताई। अतः उन्होंने अपने निकटस्थ विद्यालयों में प्रतिनियोजित करने का आग्रह किया है।
इसी प्रकार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शेष अन्य लोगों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं को बारी-बारी से उपायुक्त के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उपायुक्त श्री मिश्रा द्वारा संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही संबंधित विभागों के कार्यालय प्रधान को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आमजनों से प्राप्त शिकायतों व समस्याओं को निष्पादित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गयें।










