मझिआंव प्रखंड में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम तथा इससे संबंधित नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई दुकानों एवं होटलों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस पूरे निरीक्षण अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अनिरुद्ध रॉय द्वारा किया गया।

निरीक्षण के दौरान एफएसएसएआई के दिशा निर्देशों के अनुरूप रिकॉल किए गए कुल 115 खाद्य उत्पादों के संबंध में जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की गई। इनमें Sting Energy Drink और Red Bull जैसे ऊर्जा पेय भी शामिल थे। संबंधित रिकॉल किए गए उत्पादों के उपलब्ध स्टॉक को अलग कर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई।
इसके साथ ही मझिआंव प्रखंड के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं होटलों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक विनियमों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया गया। प्रतिष्ठानों में साफ सफाई, स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव तथा वैध खाद्य पंजीकरण या लाइसेंस की उपलब्धता की जांच की गई। जहां आवश्यक पाया गया, वहां खाद्य कारोबारियों को उचित स्वच्छता बनाए रखने तथा वैध खाद्य पंजीकरण या लाइसेंस के साथ खाद्य कारोबार संचालित करने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए मझिआंव स्थित विक्की स्वीट्स एवं राजलक्ष्मी स्वीट्स से खाद्य नमूने भी संग्रहित किए गए, जिन्हें नियमानुसार जांच के लिए भेजा जाएगा।
इस निरीक्षण अभियान का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना तथा आम जनता को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।










