- मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
- बीएलओ घर-घर जाकर प्राप्त करेंगे आवश्यक दस्तावेज, 10 अक्टूबर को प्रत्येक बूथ पर हेल्प डेस्क एवं 12 से 16 अक्टूबर तक चलेगा विशेष आउटरीच कार्यक्रम
**************************************
गढ़वा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों को लेकर सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अपनाई जाने वाली प्रक्रिया, विभिन्न वर्गों के मतदाताओं के सत्यापन एवं नए मतदाताओं के निबंधन सहित निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।

- *मतदाताओं को कार्यालय बुलाने के बजाय घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ*
बैठक में बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत मतदाताओं को अनावश्यक रूप से बुलाया नहीं जाएगा। बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर आवश्यक कागजात प्राप्त करेंगे तथा BLO App के माध्यम से दस्तावेजों को अपलोड करेंगे। आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन सुनवाई की व्यवस्था की जाएगी। वहीं विशेष परिस्थितियों में कैंप आयोजित कर सुनवाई भी की जा सकेगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री पशुपति नाथ मिश्रा ने सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रपत्र-6 प्राप्त करने में BLA-2 के माध्यम से अपेक्षित सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया, ताकि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से पूरी की जा सके।
- *अनाथ व्यक्तियों के सत्यापन एवं निबंधन के लिए विशेष प्रावधान*
बैठक में अनाथ व्यक्तियों के वेरिफिकेशन एवं न्यू एनरोलमेंट से संबंधित प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि ऐसे मामलों में जन्म तिथि, सामान्य निवास एवं घोषणा पत्र के साथ उपलब्ध दस्तावेज/प्रमाण-पत्र तथा माता-पिता से संबंधित उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर पूर्व निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित बीएलओ को निर्देश दिया गया है कि अनाथ व्यक्तियों द्वारा प्रपत्र-6 में दर्ज पते पर जाकर भारत में जन्म स्थान का सत्यापन करें तथा अपना प्रतिवेदन समर्पित करें। सक्षम प्राधिकार द्वारा निर्गत एडॉप्शन सर्टिफिकेट उपलब्ध होने की स्थिति में उसमें दर्ज विवरण के आधार पर भी मतदाता सूची में निबंधन हेतु आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।

- *60 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के लिए भी सरल प्रक्रिया*
बैठक में बताया गया कि 60 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं, जिनके पास स्वयं का दस्तावेज उपलब्ध नहीं है, उनके मामले में उम्र के संबंध में प्रपत्र-6 के कॉलम संख्या 7 (a) एवं (b) के अनुरूप घोषणा पत्र प्राप्त किया जाएगा। वहीं पते के प्रमाण के लिए प्रपत्र-6 के कॉलम संख्या 8 के अनुरूप आवश्यक कागजात लिए जाएंगे।
- *वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों एवं Transgender मतदाताओं पर विशेष ध्यान*
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में आवासित वरिष्ठ नागरिकों, Transgender मतदाताओं सहित ऐसे अन्य नागरिकों के सत्यापन एवं नए निबंधन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संबंधित दिशा-निर्देशों से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने पर बल दिया गया।
- *10 अक्टूबर को प्रत्येक बूथ पर हेल्प डेस्क, 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच कार्यक्रम*
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 10 अक्टूबर 2026 को जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से आम नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित जानकारी, आवश्यक प्रक्रियाओं एवं दस्तावेजों के संबंध में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं 12 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक विशेष आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान ऐसे पात्र नागरिक, जो किसी कारणवश पुनरीक्षण प्रक्रिया से छूट गए हैं, उन्हें चिन्हित करते हुए घर-घर जाकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराई जाएंगी। इसमें विशेष रूप से अनाथ व्यक्ति, वरिष्ठ नागरिक, Transgender, Sex Workers तथा अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने के लिए पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय रूप से सहयोग करें तथा आवश्यक दस्तावेज एवं जानकारी उपलब्ध कराते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक समावेशी, पारदर्शी एवं सुगम बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।










