- *निर्वाचन कार्यों के निष्पादन हेतु 22 नवंबर (रविवार) को गढ़वा जिले के संबंधित निर्वाचन कार्यालयों में रहेगा सामान्य कार्य दिवस*
- *लंबित कार्यों के निष्पादन एवं ECINet पोर्टल पर डेटा अद्यतन के लिए चलेगा विशेष अभियान, बैकलॉग समाप्त करने का निर्देश*
**************************************
गढ़वा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमण्डल (निर्वाचन) विभाग, झारखण्ड, राँची के पत्र के आलोक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित निर्वाचन कार्यों के सुचारू एवं समयबद्ध निष्पादन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री पशुपति नाथ मिश्रा द्वारा महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, दिनांक 22 नवंबर 2026 (रविवार) को गढ़वा जिले के निर्वाचन कार्यों से संबंधित सभी कार्यालयों में सामान्य कार्य दिवस घोषित किया गया है। इसके तहत जिला निर्वाचन कार्यालय सहित सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कार्यालय, सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कार्यालय एवं सभी अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कार्यालय खुले रहेंगे।
उक्त तिथि को निर्वाचन कार्य से संबद्ध सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों को अपने-अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर निर्धारित कार्यों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान विभिन्न प्रपत्रों के निष्पादन, ECINet पोर्टल पर डेटा अद्यतन (Data Updation) तथा अन्य लंबित निर्वाचन संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री पशुपति नाथ मिश्रा ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि 22 नवंबर को विशेष अभियान चलाकर सभी लंबित कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें तथा बैकलॉग को पूरी तरह समाप्त करें।
उन्होंने निर्धारित समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित सभी कार्यों को समय पर पूर्ण करने तथा निर्वाचन कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने का निर्देश दिया है।










