- *स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त सख्त, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई*
- *जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की हुई गहन समीक्षा, बेहतर प्रदर्शन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*
**************************************
गढ़वा। समाहरणालय सभागार में आज उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की जिला स्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति, स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता तथा विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले एवं प्रखंड स्तर पर संचालित सदर अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न इंडिकेटर्स में अपेक्षित सुधार लाने, योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
- *स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर मिले बेहतर उपचार*
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सदर अस्पताल सहित जिले के सभी CHC एवं PHC में चिकित्सकीय सेवाओं का संचालन सुचारू एवं व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों (MOIC) को निर्देशित किया कि अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों का प्राथमिकता के आधार पर समुचित उपचार किया जाए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सीधे आमजन के जीवन एवं स्वास्थ्य से जुड़ी हुई हैं, इसलिए इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। कार्यों में उदासीनता अथवा लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- *स्वास्थ्य केंद्रों की समस्याओं के समाधान हेतु सिविल सर्जन को निर्देश*
समीक्षा के क्रम में विभिन्न प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारियों द्वारा स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की कमी, सुरक्षा गार्ड की अनुपलब्धता, एक्स-रे टेक्नीशियन की कमी, विद्युतीकरण से संबंधित समस्याओं तथा खराब पड़े एम्बुलेंस सहित अन्य आधारभूत समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया गया।

इस पर उपायुक्त श्री मिश्रा ने सिविल सर्जन डॉ. जे.एफ. कैनेडी को संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
- *टीबी उन्मूलन सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की हुई समीक्षा*
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों एवं समितियों की प्रगति की समीक्षा की गई। इनमें मुख्य रूप से डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम इम्प्लीमेंटेशन कमिटी, डिस्ट्रिक्ट टीबी फोरम, डिस्ट्रिक्ट टीबी को-मॉर्बिडिटी कोऑर्डिनेशन कमिटी, डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स फॉर टीबी, एक्टिव केस फाइंडिंग फॉर टीबी तथा टीबी मुक्त पंचायत बनाने से संबंधित प्रस्ताव एवं गतिविधियां शामिल रहीं।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान, एनीमिया से बचाव, मिशन इंद्रधनुष, यू-विन पोर्टल, चिकित्सकों की उपस्थिति एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सहित स्वास्थ्य विभाग की अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सक्रिय रूप से टीबी मरीजों की पहचान, समय पर जांच, नियमित उपचार एवं जन-जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
- *स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार लाने और बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने पर जोर*
बैठक में पिछले वर्ष के प्रतिवेदन के साथ वर्तमान वर्ष की उपलब्धियों की तुलनात्मक समीक्षा भी की गई। इस दौरान उपायुक्त को अवगत कराया गया कि पिछले वर्ष की तुलना में वर्णित कई जानलेवा बीमारियों के मामलों में वर्तमान वर्ष में कमी दर्ज की गई है।
उपायुक्त ने इस सकारात्मक प्रगति पर आगे भी निरंतर प्रयास बनाए रखने की आवश्यकता जताई। वहीं, विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों में अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने, कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कमियों को दूर करते हुए प्रतिवेदनों में सुधार लाने का निर्देश दिया।
- *कुष्ठ रोगियों की पहचान एवं उपचार के लिए एल०सी०डी०सी० अभियान को प्रभावी बनाने पर बल*
बैठक में एल०सी०डी०सी० (Leprosy Case Detection Campaign) अर्थात कुष्ठ रोग खोजी अभियान के उद्देश्यों एवं इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई।
इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य समाज में छिपे हुए नए कुष्ठ रोगियों की पहचान कर उन्हें नियमित एवं पूर्ण उपचार उपलब्ध कराना, कुष्ठ रोग के संक्रमण को रोकना, बीमारी के कारण होने वाली दिव्यांगता से बचाव करना तथा आमजन के बीच कुष्ठ रोग को लेकर फैली सामाजिक भ्रांतियों एवं भेदभाव को दूर करना है।
अभियान के सफल संचालन में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके दायित्वों पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत आशा कार्यकर्ताओं को निम्नलिखित गतिविधियां सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है—👇
1. प्रखंड स्तर पर अपने क्षेत्र की कार्ययोजना तैयार करने में सहयोग करना।
2. खोजी दल के लिए योग्य ग्रामीण स्वयंसेवकों की पहचान कर उन्हें टीम में शामिल करना।
3. अभियान से संबंधित प्रशिक्षण में दल के सदस्यों के साथ भाग लेना।
4. प्रशिक्षण के दौरान उपलब्ध कराई गई टैली शीट, रेफरल स्लिप एवं आवश्यक सामग्री प्राप्त कर उनका समुचित उपयोग करना।
5. निर्धारित 14 दिवसीय अभियान के दौरान माइक्रोप्लान के अनुसार घर-घर जाकर दो वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों की जांच करना। महिलाओं की जांच महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं पुरुषों की जांच पुरुष टीम सदस्यों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुनिश्चित करना। शरीर पर तांबे अथवा हल्के रंग के संदिग्ध दाग-धब्बे पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजना।
6. कुष्ठ रोग से प्रभावित दिव्यांग व्यक्तियों की सूची तैयार कर प्रतिदिन पर्यवेक्षक को उपलब्ध कराना। साथ ही उपचाररत मरीजों में सूजन, जोड़ों में दर्द, दागों का लाल या गर्म होना, बुखार, शरीर में दर्द एवं भूख में कमी जैसे लक्षण दिखाई देने पर उन्हें चिन्हित कर तत्काल उपचार हेतु स्वास्थ्य केंद्र भेजना।
7. सर्वेक्षण के दौरान प्रत्येक घर के दरवाजे अथवा दीवार पर निर्धारित मानक के अनुसार गेरू या चाक से मार्किंग करना।
इस अभियान के माध्यम से कुष्ठ रोग की समय पर पहचान, नियमित उपचार और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने पर बल दिया गया, ताकि बीमारी के प्रसार को रोकने के साथ-साथ इससे होने वाली दिव्यांगता को भी कम किया जा सके।
- *तंबाकू नियंत्रण एवं जन-जागरूकता गतिविधियों को भी मिलेगी गति*
बैठक में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित एवं संचालित गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। इसके तहत विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, फोकस ग्रुप डिस्कशन (FGD), जिला स्तरीय समन्वय समिति (DLCC) की त्रैमासिक बैठक, तंबाकू नियंत्रण कानूनों के अनुपालन हेतु प्रवर्तन गतिविधियां (Enforcement), प्रशिक्षण एवं काउंसलिंग सहित अन्य कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा तंबाकू मुक्त वातावरण के निर्माण की दिशा में सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। उपायुक्त ने इन कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नियमित जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने पर बल दिया।
- *बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए समन्वय, जवाबदेही और नियमित मॉनिटरिंग आवश्यक*
बैठक में उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का क्रियान्वयन केवल कागजी प्रतिवेदनों तक सीमित न रहे, बल्कि उनका वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे। उन्होंने विभागीय समन्वय को मजबूत करने, स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित निगरानी करने, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मी पूरी प्रतिबद्धता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उक्त बैठक में उपरोक्त के अतिरिक्त जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री जगन्नाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री अनुराग मिंज, डीपीएम श्री गौरव कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।










