- *खेलगांव में राज्य स्थापना दिवस एवं वर्तमान सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह के दूसरे दिन सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने बांधा समां*
- *इंडियन आइडल फेम शगुन पाठक और सुनिधि लाइव की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध*
- *सितार वादन, समूह गायन, नागपुरी नृत्य-संगीत, घोड़ा नृत्य एवं पैका नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बिखेरी झारखंड की सांस्कृतिक छटा*
*===================*
झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं वर्तमान सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर रांची के खेलगांव में आयोजित तीन दिवसीय समारोह के दूसरे दिन 27 नवंबर 2026 को सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जाने-माने कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। संगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी इस संध्या ने दर्शकों को झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया।
सांस्कृतिक संध्या का विशेष आकर्षण सुनिधि लाइव की प्रस्तुति रही। वहीं, इंडियन आइडल फेम श्री शगुन पाठक ने अपनी सुरीली आवाज और शानदार गायन से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शक झूमते नजर आए।

कार्यक्रम में श्री देवप्रिय ठाकुर (रांची) ने सितार वादन की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं, श्रीमती पारोमिता चौधरी एवं गृहिणी समूह के अद्वितीय बैंड ने समूह गायन के माध्यम से संगीत की खूबसूरत छटा बिखेरी।

झारखंड की लोक संस्कृति को समर्पित प्रस्तुतियों में श्री किशोर नायक के कुंजबन समूह द्वारा नागपुरी नृत्य एवं गायन की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। श्री विनोद महतो एवं उनके दल ने पारंपरिक घोड़ा नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, श्री अशोक कश्यप द्वारा प्रस्तुत पैका नृत्य ने झारखंड की पारंपरिक लोककला, वीरता और सांस्कृतिक गौरव की जीवंत झलक प्रस्तुत की।

पूरी सांस्कृतिक संध्या संगीत, कला और लोक परंपराओं के अनूठे संगम के रूप में यादगार रही। कलाकारों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया।










