पटना : लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सभी पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। इसको लेकर बैठकें भी हो रही है और रणनीति पर काम भी चल रहा है। इसी क्रम में विपक्षी पार्टियां भी एकजुट होने पर काम कर रही है। बीजेपी के खिलाफ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फ्रंटफुट पर खेल रहे हैं। 2024 में बीजेपी के रथ को रोकने के लिए कप्तान की भूमिका निभा रहे सीएम नीतीश विपक्षी पार्टियों को एकजुट करने में लगे हुए हैं। अभी हाल ही में दिल्ली में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सहित अन्य दलों के साथ बैठक की। इसके बाद पश्चिम बंगाल में वे टीएमसी की मुखिया सीएम ममता बनर्जी के साथ मुलाकात की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उसी दिन उन्होंने समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव से मुलाकात कर चुनाव पर चर्चा की।
कब होगी बैठक?
आज एक सरकारी कार्यक्रम में जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहुंचे तो उन्होंने देश के विपक्षी दलों की एकता पर बिहार में होने वाली बैठकों पर कहा कि अभी कुछ और दलों के नेताओं से बात हो रही है। यह तय हो जाएगा की कि बैठक कहां होगी। उन्होंने कहा कि यह बैठक पटना में होगी या कहीं और इसपर वार्ता चल रही है। लेकिन बहुत लोग चाहते हैं की बैठक बिहार में ही हो। कुछ जगहों पर अभी चुनाव चल रहे हैं चुनाव पूरा हो जाने के बाद ही यह बैठक होगी। लालू प्रसाद से मुलाकात करने पर सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि राजद सुप्रीमो बिहार आ चुके हैं। उनकी तबीयत खराब थी, लेकिन अब सुधार हो रही है।
बीजेपी के पूर्व विधायक की गिरफ्तारी पर क्या बोले सीएम ?
वहीं दंगे में बीजेपी के पूर्व विधायक की गिरफ्तारी पर सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि अगर कोई दोषी होगा तो उस पर जांच होगी। उसके बाद उस पर कार्रवाई होगी। पकड़ने और छोड़ने के लिए हम किसी को निर्देशित नहीं करते हैं। बीजेपी जो हम पर आरोप लगाती है, हम उस पर ध्यान नहीं देते हैं। बिहार में जिन दो जगहों पर दंगे हुए उसपर हमारी पैनी नजर है। जो इसमें दोषी होंगे चाहे वह किसी भी दल के क्यों न हो उन पर कार्रवाई अवश्य होगी।
बीजेपी के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद पर दंगे भड़काने का आरोप
बता दें कि रामनवमी के मौके पर बिहार के सासाराम जिले में हिंसा भड़क गया था। इस दौरान दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए थे। जमकर आगजनी-पथराव हुआ था। इस हिंसा के कारण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सासाराम दौरे को रद्द करना पड़ना था। अब इस हिंसा के मामले में भाजपा के पूर्व विधायक को गिरफ्तार किया गया है। बिहार पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए भाजपा के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद Bihar Ex BJP MLA Jawahar Prasad पर रामनवमी के दौरान दंगे भड़काने का आरोप है। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात बिहार पुलिस ने भाजपा के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद को उनके घर लष्करीगंज से गिरफ्तार किया है। भाजपा के पूर्व विधायक से पहले इसी मामले में पार्टी के तीन और नेताओं ने पुलिस के सामने सरेंडर किया था।










