सासाराम : बिहार के सासाराम में रामनवमी के दिन हुई हिंसा के मामले में रोहतास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में बीजेपी के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद को रोहतास पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार रात को पुलिस जवाहर प्रसाद के घर पहुंची और फिर उन्हें अरेस्ट किया। जवाहर प्रसाद पांच बार के विधायक रहे हैं।
गिरफ्तारी पर क्या बोली पुलिस
पुलिस ने इस संबंध में बयान जारी करते हुए कहा, 31 मार्च को सासाराम शहर में हुए साम्प्रदायिक उपद्रव के मामले में पुलिस 28 अप्रैल तक 63 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और दो अभियुक्तों ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। 28 अप्रैल की रात्रि को कोर्ट से प्राप्त गैर जमानती वारंट का तामील करते हुए इस कांड के अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। जिसमें जवाहर प्रसाद, असीम नंदयी शामिल हैं।
बीजेपी के पूर्व विधायक की गिरफ्तारी पर क्या बोले सीएम ?
वहीं दंगे में बीजेपी के पूर्व विधायक की गिरफ्तारी पर सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि अगर कोई दोषी होगा तो उस पर जांच होगी तो कार्रवाई होगी। बीजेपी जो हम पर आरोप लगाती है, हम उस पर ध्यान नहीं देते हैं। बिहार में जिन दो जगहों पर दंगे हुए उसपर हमारी पैनी नजर है। जो इसमें दोषी होंगे चाहे वह किसी भी दल के क्यों न हो उन पर कार्रवाई अवश्य होगी। पकड़ने और छोड़ने के लिए हम किसी को निर्देशित नहीं करते हैं।
बीजेपी के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद पर दंगे भड़काने का आरोप
बता दें कि रामनवमी के मौके पर बिहार के सासाराम जिले में हिंसा भड़क गया था। इस दौरान दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए थे। जमकर आगजनी-पथराव हुआ था। इस हिंसा के कारण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सासाराम दौरे को रद्द करना पड़ना था। अब इस हिंसा के मामले में भाजपा के पूर्व विधायक को गिरफ्तार किया गया है। बिहार पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए भाजपा के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद Bihar Ex BJP MLA Jawahar Prasad पर रामनवमी के दौरान दंगे भड़काने का आरोप है। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात बिहार पुलिस ने भाजपा के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद को उनके घर लष्करीगंज से गिरफ्तार किया है। भाजपा के पूर्व विधायक से पहले इसी मामले में पार्टी के तीन और नेताओं ने पुलिस के सामने सरेंडर किया था।