रांची : झारखंड कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी छवि रंजन आज दूसरी बार ईडी ऑफिस पहुंचे। कथित अवैध भूमि सौदों में धनशोधन की जांच के सिलसिले में उनसे पूछताछ हो रही है। छवि रंजन गुरुवार को तकरीबन 11 बजे ईडी दफ्तर पहुंचे। इनसे दूसरी बार पूछताछ हो रही है। इससे पहले 24 अप्रैल को ईडी के अधिकारियों ने करीब 10 घंटे तक पूछताछ की थी।
ईडी ने छवि रंजन से मांगा संपत्ति का ब्योरा
24 अप्रैल को जब उनसे पूछताछ हुई थी तब अधिकारियों ने उनसे अलग और फिर गिरफ्तार 7 आरोपियों के सामने बिठाकर पूछताछ की थी। आरोपियों ने आईएएस छवि रंजन के सामने कबूल किया कि उन्होंने वही किया जो उन्हें साहेब (छवि रंजन) ने करने को कहा था। हालांकि, छवि रंजन ने आरोपों से इनकार किया था। ईडी ने छवि रंजन से उनकी संपत्ति का ब्योरा भी मांगा है।
13 अप्रैल को कई ठिकानों पर ईडी ने मारा था छापा
गौरतलब है कि 13 अप्रैल को ईडी ने जमीन घोटाला केस में आईएएस छवि रंजन के रांची और जमशेदपुर स्थित आवास और सिमडेगा व हजारीबाग सहित पश्चिम बंगाल-बिहार के 22 ठिकानों पर छापा मारा था। छापेमारी में खुलासा हुआ कि फर्जी डीड और दस्तावेजों के सहारे रांची में करोड़ों रुपये की जमीन अवैध तरीके से बेच दी गई। इस मामले में कोलकाता के अधिकारी त्रिदीप मिश्रा और रांची के डिप्टी रजिस्ट्रार वैभव मणि त्रिपाठी से भी पूछताछ हो चुकी है। बताया जाता है कि ईडी को मामले में जितने सबूत मिले हैं उनसे छवि रंजन की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।









