चतरा : सदर थाना क्षेत्र के हंगरी गांव के लस्करी टोला के रहने वाले कृष्णा गंझु गुजरात कमाने गया था। पांच महीने बाद घर लौटने के क्रम में इलाहाबाद के बाद लापता हो गया। कृष्णा को साथ लेकर लौट रहा पैरू गंझू ने जब इसकी सूचना घरवालों को दी तो परिजनों के होश उड़ गए।
पैरू ने बताया कि ट्रेन में उसे नींद आ गई थी, जब इलाहाबाद जंक्शन पर गाड़ी रुकी और हमारी नींद खुली तो कृष्णा गायब था और उसका सामान वहीं पड़ा था। पहले तो उसकी तलाश हमने वहां चारो ओर किया। कोई पता नहीं चलने पर घरवालों को इसकी सूचना दी।
परिजनों ने मंत्री और जिला प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
इधर घर वालों ने भी अपने स्तर से उसे ढूंढने का हर संभव प्रयास किया, परंतु थक हारकर वे राज्य के श्रम मंत्री सह स्थानीय विधायक सत्यानंद भोक्ता और डीसी, एसपी से मिलकर मदद की गुहार लगाई है। अब देखना है कि मंत्री और प्रशासन इस मामले में क्या करते हैं। बताते चलें कि कृष्णा गंझू घर का एक मात्र कमाऊ सदस्य था। जिसके कंधे पर पत्नी ममता सहित विवाह योग्य हो चुकी चार बेटियां और एक बेटे का भरण पोषण की जिम्मेवारी है। कृष्णा के लापता हो जाने के बाद परिजनों का हौसला टूटता जा रहा है।









