रांची. नाबालिग से रेप मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आशुतोष कुमार उम्र 22 वर्ष, पिता अनिल कुमार, सा० रवि स्टील वृन्दावन कॉलोनी, रोड न0-02, थाना रातु जिला राँची के रूप में हुई। नाबालिग के परिजन ने पुलिस थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करवाई है। इसमें नाबालिग से पांच बदमाशों पर बलात्कार का आरोप है। फिलहाल पुलिस और भी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने बताया कि उक्त कांड की वादिनी के द्वारा थाना में दिये अपने आवेदन में उल्लेख किया गया कि इनकी 14 वर्षीय नवालिग पुत्री जिसका मानसिक स्थिति ठीक नहीं है दिनांक- 06.05.23 को करीब 02:00 बजे अपराह्न में घर से घुमने निकली थी, जो रात तक घर वापस नहीं आई तो वादिनी द्वारा अपनी पुत्री का खोजबीन किया जाने लगा। खोजबीन के क्रम में दिनांक 07.05.23 को सुबह करीब 08:00 बजे वादिनी की नवालिग पुत्री घर से कुछ दूरी पर मिली जो काफी डरी-सहमी थी। लड़की द्वारा बताया गया कि जब वह वृन्दावन कॉलोनी रोड न0-2 में लीची तोड़ रही थी उसी समय वहाँ पाँच लड़के आये तथा इन्हें जबरदस्ती एक घर में ले गये, जहाँ सभी लड़कों द्वारा इनके साथ बारी-बारी से रात भर बलात्कार किया गया।
उक्त कांड में संलिप्त अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी हेतु वरीय पुलिस अधीक्षक राँची के द्वारा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राँची के निर्देशन में थाना प्रभारी रातु के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आशुतोष कुमार उम्र 22 वर्ष, पिता अनिल कुमार, सा० रवि स्टील वृन्दावन कॉलोनी, रोड न0-02, थाना रातु जिला राँची को गिरफ्तार किया गया। कांड में शामिल अन्य अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है।









