रांची. 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को हराने के लिए बिहार के सीएम नीतीश कुमार देशभर के विपक्षी दलों को एकजुट कर रहे हैं। इस कड़ी में आज नीतीश कुमार रांची पहुंचे हैं। रांची में सीएम नीतीश कुमार और हेमंत सोरेन मुलाकात हुई। इस मुलाकात के बाद सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हमलोग देश के हित के लिए एकजुट होकर काम करेंगे।
नीतीश कुमार ने कहा कि पूरे देश में विपक्ष एकजुट होकर चलेंगे। सबको एकजुट होकर चलना है। बीजेपी से देश को बचाना है। इस दौरान सीएम नीतीश ने हेमंत सोरेन की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि बिहार झारखंड का रिश्ता हमेशा अच्छा रहेगा। एक दूसरे के सहयोग के लिए हमेशा खड़े रहेंग। सीबू सोरेन से मेरा रिश्ता किसी से छिपा नहीं है। हमारा और सोरेन परिवार का रिश्ता पुराना। हालांकि मीडिया के सवालों से नीतीश और हेमंत सोरेन बचते दिखे।
वहीं हेमंत सोरेन ने कहा कि देश की राजनीतिक व्यवस्था पर आजकल खूब चर्चा हो रही है। देश के अंदर कैसे विपक्षी विचारों को स्थापित किया जाए, इसकी चर्चा होनी जरूरी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचार को एकजुट करने के लिए फिर एक बार साथ बैठेंगे। उन्होंने कहा कि कैसे हम समान विचार बनाये ये जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश में एकता कैसे बना रहे और कैसे बचा रहे, इसका मार्गदर्शन करना जरुरी है।
मंच पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, जदयू नेता संजय सिंह, झारखंड के मंत्री मिथिलेश ठाकुर, मंत्री सत्यानंद भोक्ता और जदयू राज्यसभा सांसद खिरू महतो मौजूद रहे।









