चतरा : जिले के चर्चित सबसे बड़े मेडिकल शॉप न्यू फेमस मेडिकल और नेशलन फार्मा में देर रात हुई भीषण अगलगी की घटना में लाखों की दवाइयां जलकर राख हो गई। हालांकि इस दौरान पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवानों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस व फायर ब्रिगेड के जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मेडिकल शॉप के तीसरे तल्ले में सो रहे एक युवक की जान बचाई, जिसके बाद घंटों मशक्कत के बाद चार फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के सहारे आग पर काबू पाया गया।
देर रात मेडिकल शॉप में लगी आग
शहर के मेन रोड स्थित पुराना पेट्रोल पंप के समीप संचालित दो बड़े मेडिकल शॉप में अगलगी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। रात करीब ढाई बजे लगी आग में मेडिकल शॉप का तीन मंजिला इमारत जलकर राख हो गया। वहीं शॉप के समीप संचालित साहू मेडिकल व गया मिष्ठान समेत आसपास के आधा दर्जन घरों को भी आंशिक नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी।
न्यू फेमस मेडिकल के संचालक ने की जांच की मांग
हालांकि न्यू फेमस मेडिकल के संचालक मोहम्मद शमीम ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा है कि आज के टेक्नोलॉजी में शॉर्ट सर्किट होने पर एमसीबी गिर जाता है। बावजूद इतने बड़े पैमाने पर आगजनी की घटना कैसे हुई यह जांच का विषय है। अगलगी की घटना में तीन मंजिला मेडिकल शॉप स्वाहा हो गया। साहू मेडिकल व गया मिष्ठान भंडार समेत आसपास के घरों को भी आंशिक नुकसान हुआ।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घर मे सो रहे युवक को रेस्क्यू कर इलाज के लिये सदर अस्पताल भेजा गया है। शहर के दो बड़े दवा दुकानों में एक साथ भीषण आगजनी से शहर में हड़कंप मच गया है। बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। दुकान संचालक अगलगी में हुआ नुकसान की पड़ताल में जुटे हैं।









