रांची : कर्नाटक में कांग्रेस की बंपर जीत हुई है। कांग्रेस ने 132 सीट जीतकर इतिहास रच दिया है। जबकि 4 सीटों पर पार्टी अभी भी लीड कर रही है। कांग्रेस को मिले जीत पर झारखंड के कार्यकर्ताओं ने भी जश्न मनाया। रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल नागाड़ों के साथ पटाखे फोड़े और लोगों के बीच मिठाई बांटे।
पूरे उत्साह के साथ मनाई खुशी
देवघर के टावर चौक पर देवघर कांग्रेस कमेटी के लोगों ने एक साथ होली और दीपावली मनाई। इस मौके पर इन्होंने मिठाई भी बांटे। साथ ही जीत को लेकर कांग्रेस कमेटी के लोगों ने कर्नाटक की जनता को आभार व्यक्त किया। टावर चौक पर कांग्रेस कमेटी के दर्जनों लोगों ने आज पूरे उत्साह के साथ जीत की खुशी मनाई।
वहीं 20 सूत्री के उपाध्यक्ष मुन्नम संजय ने कहा कि यह 2024 का आगाज है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रोफेसर उदय प्रकाश ने कहा कि इस जीत के साथ कांग्रेस का खाता खुल चुका है। आने वाले चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा। प्रदेश सचिव अवधेश प्रजापति ने कहा कि कर्नाटक चुनाव में देश की जनता की सरकार बनी और वही बजरंगबली का नाम बदनाम करते हुए जो लोग बयान दे रहे थे उस पर अब शनि ग्रह सवार हो चुका है।
कर्नाटक की जनता की जीत है
जमशेदपुर: कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी की जीत पर साकची गोलचक्कर पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ढ़ोल नागाड़े के साथ नाचते दिखाई दिए। लोगों के बीच मिठाई का वितरण किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे और उषा सिंह ने कहा कि यह जीत कर्नाटक की जनता की जीत हैं। भाजपा को करारा जवाब कर्नाटक की जनता ने दे दिया हैं।









