धनबाद : जिले के सबसे बड़ी श्रमिक नगरी भूली में सेफ्टी टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से एक सफाईकर्मी की मौत हो गई है। वहीं दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है। दोनों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। भूली बी टाइप कॉलोनी में यह हादसा हुआ है। मृत सफाईकर्मी का नाम बबलू बाल्मीकि है। घटना की सूचना मिलने के धनबाद विधायक राज सिन्हा एसएनएमएमसीएच पहुंचे। मृतक का शव एसएनएमएमसीएच में रखा गया है। मृतक के परिजनों से विधायक ने हादसे की जानकारी ली।
क्या है पूरा मामला ?
घटना के सम्बंध में बताया जा रहा है कि भूली बी टाइप में सेफ्टी टैंक की सफाई के लिए बीसीसीएल के द्वारा बबलू बाल्मीकि, निर्मल बाल्मीकि और पिंटू बाल्मीकि तीनों भूली ए ब्लॉक के रहनेवाले हैं। उसे सेफ्टी टैंक सफाई के लिये लगाया गया था। जिसमें से बबलू बाल्मीकि सेफ्टी टंकी के अंदर सफाई कर रहा था। दो अन्य सहयोगी ऊपर थे। सेफ्टी टंकी में अनहोनी की आशंका पर निर्मल देखने के लिए अंदर गया। लेकिन वह भी बाहर नही आया।
इसके बाद पिंटू बाल्मीकि भी दोनों का हाल जानने के लिए सेफ्टी टैंक ने अंदर उतर गया। अब तीनों सेफ्टी टैंक के अंदर चले गए। बाहर सिर्फ कुछ सामान पड़ा था। आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तीनों को बाहर निकाल आनन फानन में एसएनएमएमसीएच ले गए। जहां डॉक्टरों ने बबलू को मृत घोषित कर दिया। बबलू की उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है। निर्मल और पिंटू को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
विधायक ने बीसीसीएल पर लगाया लापरवाही का आरोप
घटना के बाद धनबाद विधायक राज सिन्हा ने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने इस घटना में दुख जाहिर की और बीसीसीएल प्रबंधन पर लापरवाही से कार्य कराए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आज के इस आधुनिक युग में जहाँ सेक्शन मशीन के माध्यम से सेफ्टी टैंक की सफाई कराई जा रही है। वही दूसरी ओर बीसीसीएल प्रबंधन पुराने विधि से ही सेफ्टी टंकी की सफाई करा रहे हैं। बीसीसीएल की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। मृतक को नियोजन और 15 लाख रुपए तत्काल मुआवजा देने की मांग की है।









