रांची : जामताड़ा विधायक डॉ इरफान अंसारी ने बागेश्वर बाबा को लेकर एक टिप्पणी की है। धीरेंद्र शास्त्री पर टिप्पणी करते हए इरफान अंसारी ने कहा कि मैं जय बजरंगली बोलता हूं। वे भी मंच से अल्ला-हु-अकबर, या अली बोलें। यदि वे सच्चे बाबा हैं तो सभी धर्मों का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मैं जय बजरंगबली बोलता हूं। जगह जगह पर मंदिर बनवा देता हूं। उसी तरह वे भी अल्ला-हु-अकबर बोलें। बागेश्वर बाबा संत होकर एक खास पार्टी का प्रचार करते हैं, जो कहीं से भी उचित नहीं है।
भाईचारे की बात बोलें धीरेंद्र शास्त्री’
उन्होंने कहा कि भारत में बाबासाहेब आंबेडकर का संविधान चलता है। किसी बाबा के द्वारा यह कहना कि भारत में रहना है तो यह वह बोलना होगा, ये सब नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि अगर बागेश्वर बाबा ओरिजिनल में बाबा हैं तो आपसी भाईचारे की बात बोलें। सभी धर्मों का सम्मान करें। क्योंकि भारत में हजारों धर्म हैं और हजारों भाषाएं हैं। इस देश में सभी धर्म के लोग मिलजुल कर रहते हैं।
‘लोकसभा चुनाव आने तक काफी बाबा आएंगे और बोलेंगे’
भाजपा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव आने तक काफी बाबा आएंगे तरह-तरह की बातें बोलेंगे। एक बाबा से तो एक राज्य परेशान है। नहीं नहीं उन्होंने यह भी कहा कि अगर बाबा झारखंड आते हैं तो यहां आपसी सद्भावना का बात बोलें। इरफान अंसारी ने आरोप लगाया कि बागेश्वर धाम के बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक खास पार्टी का प्रचार कर रहे हैं जोकि अच्छी बात नहीं है।
अपने बयानों से अक्सर सुर्खियों में रहते हैं इरफान अंसारी
गौरतलब है कि अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी रहते हैं। अभी हाल ही में उन्होंने कहा कि वह जामताड़ा में बजरंगबली का भव्य मंदिर बनाएंगे। उन्होंने दावा किया कि जामताड़ा में देश का सबसे बड़ा हनुमान मंदिर बनेगा। उन्होंने कहा कि यदि इसके लिए उन्हें अपनी किडनी भी बेचना पड़े तो बेच देंगे लेकिन मंदिर जरूर बनाएंगे। इरफान अंसारी ने कहा कि हनुमान मेरे सपने में आए थे और मैंने उनसे कर्नाटक में पार्टी की जीत की मन्नत मांगी थी जो पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा से हनुमान भक्त रहा हूं और कर्नाटक में पार्टी की प्रचंड जीत के बाद मेरी आस्था और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कर्नाटक चुनाव में हनुमान के नाम का दुरुपयोग किया।









