चतरा : जिला में तेज रफ्तार बोलेरो ने एक परिवार पर कहर बरपाया है। सदर थाना क्षेत्र के चतरा-इटखोरी मुख्य पथ पर स्थित ऊंटा मोड़ इलाके में बोलेरो वाहन और बाइक की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये।
घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार युवक चतरा से इटखोरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने पीछे से टक्कर मारकर फरार हो गया। मृतक की पहचान इटखोरी थाना क्षेत्र के सरहेता गांव निवासी पंकज कुमार के रूप में की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस की टीम ने घटनास्थल से शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।









