नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टीम में बदलाव का दौर शुरू होता नजर आ रहा है। खबर है कि केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू को हटा दिया गया है। उन्होंने अर्थ साइंस मंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया है।
सरकार ने कानून मंत्रालय का प्रभार अर्जुन राम मेघवाल को सौंपा है।
खबर है कि केंद्र सरकार में मंत्रियों की समीक्षा का दौर जारी है और मंत्रालयों के कामों की रिपोर्ट तलब की गई थी। इसके बाद ही सरकार की तरफ से यह फैसला लिया गया है। हालांकि, अब तक अन्य मंत्रालयों के संबंध में जानकारी साफ नहीं है।
खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंत्रिमंडल में बदलाव की मंजूरी दी है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, किरेन रिजिजू को कानून मंत्रालय से हटाकर भू-विज्ञान मंत्रालय सौंपा गया है।
कपिल सिब्बल ने ली चुटकी
वरिष्ठ अधिवक्ता व राजनीतिज्ञ कपिल सिब्बल ने इस बदलाव पर चुटकी ली है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, कानून नहीं अब पृथ्वी विज्ञान मंत्री। कानूनों के पीछे के विज्ञान को समझना आसान नहीं है। अब विज्ञान के नियमों से जूझने की कोशिश करेंगे. गुड लक फ्रेंड।









