रांची. आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची में पर्यावरण एवं जलवायु को केंद्रबिंदु में रखते हुए 1 से 7 जून तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का आयोजन पर्यवारण, वन और जलवायु परिवर्तन विभाग, भारत सरकार के द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस, 2023 के उपलक्ष्य में सेमिनार, कार्यक्रम, कार्यशाला आहूत किए जाने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश के संदर्भ में किया जाना है। उल्लेखनीय है कि विश्व पर्यावरण दिवस, 2023 के अवसर पर उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के अंतर्गत संचालित किया जाने वाले सभी शिक्षण संस्थानों में Mass Mobilization on Mission Life अंतर्गत सेमिनार, कार्यक्रम और कार्यशालाओं का आयोजन किया जाना है।
उपरोक्त दिशा निर्देशों के तहत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची के कुलपति डॉ. तपन कुमार शांडिल्य ने कहा कि विश्वविद्यालय में 1 से 7 जून 2023 तक पर्यावरण से संबंधित निम्न कार्यक्रम, शिक्षकों और विद्यार्थियों के द्वारा आयोजित किए जाने है। इनमें शामिल है, पर्यावरण परिवर्तन पर जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, जिसका थीम है, धरती कहे पुकार के, यूथ कॉन्क्लेव, संस्थान में स्वच्छता अभियान और विश्वविद्यालय परिसर को प्लास्टिक मुक्त बनाने से सबंधित अभियान। इसके अलावा एनएसएस और एनसीसी के कैडेट्स के द्वारा साइकिल चालन और विश्वविद्यालय के प्रांगण में पर्यावरण और जलवायु से संबंधित पौधारोपण अभियान।
कुलपति डॉ. तपन कुमार शांडिल्य ने आगे कहा कि इसी के तहत पर्यावरण और जलवायु विषय पर लघु फिल्म, फोटो, श्लोगन, क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि यह तय है कि इन कार्यक्रमों से न सिर्फ विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता आएगी बल्कि स्वच्छता अभियान आदि अभियान से सामूहिकता की भावना का समावेश होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रत्येक आयोजन में विश्वविद्यालय प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान करेगा, जिससे उनका मनोबल बढ़ेगा और भविष्य में वह और मनोयोग से इनमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा। यह जानकारी पीआरओ प्रो राजेश कुमार सिंह ने दी।









