रांची : डॉ. आरके गुप्ता झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स ने प्रभारी निदेशक बनाए गए। उन्होंने मंगलवार को पदभार ग्रहण किया है। डॉ. आरके गुप्ता आई विभाग के एचओडी हैं।
विभाग को भेजा गया था चार डॉक्टरों का नाम
बता दें कि रिम्स निदेशक पद्मश्री डॉक्टर कामेश्वर प्रसाद ने इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद प्रभार के लिए चार डॉक्टरों का नाम विभाग को भेजा गया था। इसमें मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. विद्यापति, आई एचओडी डॉ. आरके गुप्ता, मेडिसिन के डॉ. सीबी शर्मा और एनाटॉमी के एचओडी डॉ. एके दुबे शामिल थे।
डॉ. कामेश्वर प्रसाद ने दिया था इस्तीफा
तीन साल पहले झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर 2020 को पद्मश्री प्रो. कामेश्वर प्रसाद ने रिम्स निदेशक के पद पर योगदान दिया था। तीन साल के लिए उनका कार्यकाल इस साल नवंबर तक था। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित चयन समिति ने निदेशक पद के लिए उनका नाम चार वरीय डॉक्टरों ने सुझाए थे। हालांकि, कार्यकाल पूरा होने से पहले ही उन्होंने रिम्स निदेशक के पद से इस्तीफा दे दिया। व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने मई के बाद पद पर बने रहने में असमर्थता जाहिर करते हुए अपना इस्तीफा स्वास्थ्य मंत्री सह रिम्स गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष बन्ना गुप्ता को सौंपा था।










