रांची : झारखंड कांग्रेस का अगला प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा, इसको लेकर चर्चाएं शुरू हो गई है। अभी वर्तमान में राजेश ठाकुर प्रदेश अध्यक्ष हैं, लेकिन नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए दिल्ली में लॉबिंग तेज हो गई है। प्रदेश के कई नेताओं ने कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात भी कर चुके हैं।
इन नामों पर चर्चा
वहीं अध्यक्ष पद को लेकर पार्टी के अंदर ही सियासत शुरू हो गई है। वर्तमान समय में अध्यक्ष पद को लेकर दिल्ली में लॉबिंग तेज है। प्रदेश के कई नेताओं का इस संबंध में दिल्ली दौरा हो चुका है। बंधु तिर्की, गीता कोड़ा, प्रदीप बलमुचू, सुबोध कांत सहाय सहित कई नामों पर चर्चा हो रही है। हालांकि यह आलाकमान को तय करना है कि की अगला प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा?
नए प्रदेश अध्यक्ष पर क्या बोले राजेश ठाकुर ?
ऐसी बातें भी सामने आ रही है कि लोकसभा चुनाव से पहले एक नया चेहरा आपको देखने को मिलेगा। इस पर जब हमने वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर से बात की तो उनका कहना है कि पार्टी का कोई भी प्रदेश अध्यक्ष बने, नेतृत्व करने वाला होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यह सब बातें पिछले कई सालों से चल रही है। हमारा ध्यान सिर्फ काम पर है।
झारखंड कांग्रेस नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए सक्रिय
अभी तक के सियासी घटनाक्रम पर अगर गौर करें तो हाल ही के दिनों में कांग्रेस के कई नेताओं ने प्रदेश प्रभारी के साथ ही केसी वेणुगोपाल और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे से मिलकर बात की। कहने के लिए तो सभी लोगों ने शिष्टाचार मुलाकात की, लेकिन पार्टी के भीतर गहन चर्चा हो रही है कि दिल्ली जाकर आलाकमान से मुलाकात करने वाले नेता प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर सक्रिय हैं।










