राजधनवार (गिरिडीह) : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर खोरीमहुआ एसडीओ धीरेन्द्र कुमार सिंह व एसडीपीओ मुकेश कुमार महतो के नेतृत्व में खोरीमहुआ अनुमंडल कार्यालय परिसर में योग शिविर का आयोजन किया। योगाचार्य रविन्द्र नाथ सिंह व लवकुश ने उपस्थित लोगों को योगाभ्यास कराया तथा योग करने से होने वाले फायदे को बताया।
इस दौरान एसडीओ ने कहा कि योग सब के लिए है। सभी को योग अपने जीवन में उतारना चाहिए। लोगों को नियमित योगाभ्यास करते रहना रहना चाहिए, ताकि निरोग रह सके। एसडीपीओ ने कहा कि योगाभ्यास करने से शरीर स्वस्थ और मन शांत रहता है। इसलिए स्वस्थ जीवन जीने के लिए सभी को योगाभ्यास करते रहना चाहिए।
योगाचार्य रविन्द्र नाथ सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2023 की थीम वसुधेव कुटुंबकम् है। जिसका अर्थ पूरा विश्व है जो अपना परिवार है। इस थीम का तात्पर्य धरती पर सभी लोगों के स्वास्थ्य के लिए योग की उपयोगिता से है।
उन्होंने कहा कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग लाभकारी है। नीयमित योगाभ्यास करने से शरीर की रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। जिससे हमारे शरीर में रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है। स्वस्थ जीवन जीने के लिए योगाभ्यास बहुत लाभदायक है। वहीं प्रखंड कार्यालय परिसर धनवार, गायत्री मंदिर राजधनवार, नावागढ़ चट्टी, आरएसएस शाखा राजधनवार सहित धनवार प्रखंड क्षेत्र के कई जगहों पर योग शिविर लगाकर योगाभ्यास किया गया।










