Wagner Group Rebellion : रूस के लिए यूक्रेन में लड़ाई लड़ने वाले भाड़े के सैनिकों के वैगनर समूह ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ जंग छेड़ दिया है। वैगनर समूह के चीफ ने पुतिन के खिलाफ ऐसे समय विद्रोह किया जब रूस और यूकेन की सेना लड़ रही है। वैगनर आर्मी के चीफ येवगेनी विक्टरोविच प्रिगोजिन ने रूस में तख्तापलट का एलान करते हुए कहा है कि उनके 25,000 सैनिक मरने के लिए तैयार हैं और वे रूसी सैन्य नेतृत्व को उखाड़ फेंकने के लिए बढ़ रहे हैं। वैगनर समूह के विद्रोह के बाद रूस की राजधानी मॉस्को में टैंक और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
रूसी सैन्य नेतृत्व को उखाड़ फेंकने के लिए आखिरी हद तक जाएंगे- वैगनर चीफ
वैगनर प्राइवेट आर्मी के चीफ येवगेनी विक्टरोविच प्रिगोजिन ने कहा है कि वे रूसी सैन्य नेतृत्व को उखाड़ फेंकने के लिए उनके सैनिक आखिरी हद तक जाएंगे। समाचार एजेंसी एएफपी ने बताया कि येवगेनी ने एक नए ऑडियो मैसेज में कहा, हम सभी मरने के लिए तैयार हैं। सभी 25,000 और उसके बाद दूसरे 25,000, हम रूसी लोगों के लिए मर रहे हैं।
रूसी सेना के हेलीकॉप्टर को मार गिराने का दावा
प्रिगोझिन ने कहा, हम अपने रास्ते में आने वाली हर चीज को मिटा देंगे। पिछले साल यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद ये पुतिन के सामने सबसे बड़ी चुनौती है। प्रिगोझिन ने रूसी सेना के एक हेलीकॉप्टर को मार गिराने का दावा किया है।
यूक्रेन के खिलाफ रूसी सेना के लिए लड़ाई लड़ी थी प्राइवेट आर्मी
प्रिगोझिन पहली बार यूक्रेन में रूसी हमले के बाद चर्चा में आए थे। उनके भाड़े के सैनिकों ने यूक्रेन में कठिन मोर्चों पर रूसी सेना के लिए लड़ाई लड़ी थी और उसे बढ़त दिलाई। लेकिन अब प्रिगोझिन पुतिन के ही खिलाफ हो गए हैं और उन्होंने अपनी प्राइवेट आर्मी को रूस की तरफ ही मोड़ दिया है।
रूस ने बगावत को कुचलने के लिए शुरू किया अभियान
बगावत के बाद रूसी सेना ने शनिवार को कहा कि वह वैगनर के भाड़े के सैनिकों की ‘सुरक्षा की गारंटी’ देगी जो मॉस्को के सैन्य नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह करना बंद कर देंगे। इसके साथ ही रूस ने बगावत को कुचलने के लिए आतंकवाद विरोधी अभियान भी शुरू किया है।









