राजधनवार (गिरिडीह) : बकरीद पर्व शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने को लेकर खोरीमहुआ अनुमंडल कार्यालय सभागार कक्ष में एसडीएम धीरेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खोरीमहुआ एसडीपीओ मुकेश कुमार महतो, अनुमंडल क्षेत्र के सभी बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी, जनप्रतिनिधि, शांति समिति सदस्य समेत दोनों समुदाय के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने लोगों से बकरीद पर्व शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। पर्व के दौरान किसी भी सूरत में सामाजिक महौल खराब न हो इसके लिए असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। सोशल मीडिया पर किसी तरह की आपतिजनक पोस्ट किया गया तो पोस्ट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की की जाएगी।
अधिकारियों ने लोगों से किसी तरह के अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की बात कही है। अगर किसी प्रकार की सूचना मिलती है तो अविलम्ब प्रशासन को इसकी जानकारी दें। बकरीद पर्व को लेकर सुरक्षा का पुख्ता व्यवस्था रहेगा। दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती रहेगी और पूरी सर्तकता बरती जाएगी, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
बैठक में उपस्थित लोगों ने बारी-बारी से अपने-अपने सुझाव दिए और शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार को संपन्न कराने का भरोसा दिया। इस दौरान कई लोगों ने अपने-अपने क्षेत्र में हो रहे पानी की समस्या से भी पदाधिकारियों को अवगत कराया।









