रांची : ग्रामीण विकास विभाग के निलंबित मुख्य अभियंता वीरेंद्र राम के 3 सहयोगी नीरज मित्तल, ताराचंद और राम प्रकाश भाटिया से 5 दिनों तक ईडी के अधिकारी पूछताछ करेंगे। पीएमएलए कोर्ट की विशेष कोर्ट ने ईडी को पांच दिनों की रिमांड के लिए मंजूरी दे दी है। ईडी ने 24 जून को पूछताछ के बाद नीरज मित्तल, ताराचंद और राम प्रकाश भाटिया को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में पेश किया गया। तीनों आरोपियों पर वीरेंद्र राम के ब्लैक मनी को व्हाइट करने का आरोप है।
24 जून को इन तीनों को ईडी ने किया था गिरफ्तार
बता दें कि मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने हवाला कारोबारी ताराचंद गुप्ता नीरज मित्तल और राम प्रकाश भाटिया को शनिवार को गिरफ्तार किया था। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने पहले ताराचंद गुप्ता, नीरज मित्तल और राम प्रकाश भाटिया से पूछताछ की थी, इसके बाद इनकी गिरफ्तारी हुई। बताया जाता है कि हवाला कारोबारी ताराचंद गुप्ता, नीरज मित्तल और राम प्रकाश भाटिया झारखंड में ग्रामीण कार्य विभाग के निलंबित चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम के करीबी हैं।
देर रात हुई ताराचंद की गिरफ्तारी
बता दें कि ईडी ने समन भेज कर नीरज मित्तल को शनिवार को ही रांची जोनल ऑफिस में बुलाया था और उसे उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, शनिवार की शाम को दिल्ली से ईडी ने राम प्रकाश भाटिया को गिरफ्तार किया, जबकि देर रात ताराचंद की गिरफ्तारी हुई। तीनों हवाला कारोबारी वीरेंद्र राम के अवैध कमाई की एंट्री और मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल रहे थे।









