बाघमारा (धनबाद) : बाघमारा प्रखंड अंतर्गत कतरास थाना क्षेत्र छाताबाद में दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान जमकर बवाल हुआ। दो ओर खूब ईंट और पत्थर चले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू करने की कोशिश की, लेकिन हालात काबू में नहीं हो रहा था। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर भारी संख्या में पुलिस बलों को भेजा गया तब जाकर मामला शांत हुआ।
वहीं मामले को लेकर कतरास पुलिस ने दबिश बढ़ा दी है। बीती रात सघन छापेमारी कर कुल 34 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है। सूत्रों की माने तो मामले में 150 लोग नामजद अभियुक्त बनाये गए हैं।
क्षेत्र में धारा 144 लागू
घटनास्थल पर दंडाधिकारी सहित पर्याप्त मात्रा में बलों की भी तैनाती की गई है। साथ ही पांच जगहों को चिन्हित कर विशेष चौकसी बरतने का भी निर्देश दिया गया है। इलाके में धारा 144 लागू होने के बाद पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है।
बैट्री चार्जर चोरी होने के बाद दो पक्षों में हुई थी हिंसक झड़प
बताया जाता है कि छाताबाद केलूडीह खटाल में टोटो बैट्री चार्जर चोरी होने के बाद दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इससे दो परिवारों के बीच की लड़ाई में असामाजिक तत्व हावी हो गए और उनकी बीच की लड़ाई में सौहार्दिकता को क्षति पहुंचाने का कारण बन गया। छोटी सी मारपीट की घटना हिंसक झड़प में बदल गई और तार-तार की लड़ाई शुरू हो गई। जिसके बाद पत्थरबाजी और बमबाजी की गई। इसके बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किए गए। पुलिस के एलान के बावजूद, लोगों ने आदेश का पालन नहीं किया, जिसके बाद पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा।
पुलिस छावनी में तब्दील पूरा इलाका
तनाव को देखते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया। जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रेट को नियुक्त किया है। घंटों हुए पत्थरबाजी करने के बाद, पुलिस ने किसी भी रूप में शांति व्यवस्था को स्थापित करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने सख्ती से उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की और लाठियों का इस्तेमाल किया। वहीं, जो भी बिना कारण सड़कों पर घूम रहे थे, उन्हें पुलिस ने लाठी मारी।
जिला प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में किया फ्लैग मार्च
शांति व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए, जिला प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान, सैकड़ों पुलिसकर्मियों ने फ्लैग मार्च में भाग लिया। साथ ही, इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक महिला सहित 20 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है।










