रांची : राजधानी रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में बंद कैदी ने खुद का गला रेत लिया। जिसे गंभीर अवस्था में बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजा गया। कैदी का नाम जवाहर लाल बानरा बताया जा रहा है। हालांकि कैदी ने ऐसा क्यों किया है इसका पता नहीं चल सका हैं। फिलहाल जेल प्रशासन मामले की जांच में जुट गई है।
नाई के अस्तुरा से रेत लिया खुद का गला
इस मामले में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार के जेल अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में जेल में बंद अन्य कैदियों ने बताया कि जवाहर बुधवार रात से ही बेचैन था। गुरुवार की सुबह जेल परिसर में जहां कैदियों का बाल दाढ़ी बनाया जाता है, वहीं पर जवाहर दौड़ते दौड़ते आया और नाई के अस्तुरा से खुद का गला रेत लिया।
9 जुलाई को पुलिस ने भेजा था जेल
पुलिस ने जवाहर लाल उर्फ करण को गिरफ्तार कर 9 जुलाई को जेल भेजा था। जेल में वह 12 डी वार्ड में बंद था। जवाहर लाल का रिम्स के ईएनटी विभाग के चिकित्सक डॉ आरके चौधरी की देखरेख में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।










