रांची : तुपुदाना थाना में पदस्थापित एसआई संध्या टोपनो हत्याकांड का आरोपी महमूद कुरैशी ने रांची सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। जिसके बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बीते वर्ष 20 जुलाई को वाहन चेकिंग के दौरान पशु तस्करों ने कुचल दिया था। जिसके बाद से पुलिस तलाश कर रही थी। कुछ महीनों पहले पुलिस ने उसके घर पर इश्तेहार भी चिपकाया था। कहा जा रहा है कि महमूद ने पुलिस के दबाव में आकर कोर्ट में सरेंडर किया है। अब मामले में अभियुक्त महमूद कुरैशी से पुलिस मामले में पूछताछ करेगी।
क्या है मामला
एसआई संध्या टोपनो हत्याकांड का यह मामला 20 जुलाई 2022 का है। 20 जुलाई की अहले सुबह करीब तीन बजे एसआई संध्या तोपनो तुपुदाना ओपी क्षेत्र के हुलहुंडू में वाहन चेकिंग कर रही। उन्हें खबर मिली थी कि तस्कर पिकअप वैन से अवैध रूप से पशु ले जा रहे थे। एसआई संध्या टोपनो ने सामने से आ रही पिकअप वैन को जांच के लिए रोकना चाहा लेकिन तस्करों ने वैन रोकने के बजाय एसआई को ही कुचलते हुए वहां से निकल गए। इस घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए रांची रिम्स में भर्ती कराया गया था लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।










