पलामू : जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में सरजा इलाके के पुराने आहर में चार स्कूली बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। बच्चियों की उम्र 8 से 10 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सभी बच्चियां उलदंडा पंचायत के रहने वाली थीं और नीलांबर पीतांबर स्कूल में पढ़ती थीं। इस घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि गुरुवार को जब बच्चियां स्कूल से वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने खोजबीन की। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आहर में बच्चियों के शव हैं। पुलिस तत्काल वहां पहुंची और चारों बच्चियों के शव को बाहर निकाला। उनके परिवार वालों के साथ पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल भेज दिया गया है।
डूबने से चार बच्चियों को मौत
अभी तक यह घटना का कारण सामने नहीं आया है। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है और सभी लोगों से पूछताछ कर रही है। बता दें कि पिछले हफ्ते पलामू के पिपरा थाना क्षेत्र में भी तालाब में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई थी। जिले के प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गए हैं और इस मामले की गंभीरता को समझते हुए उचित कदम उठाए जा रहे हैं।










