रांची : पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ पिछले 14 दिनों से अपनी मांगों को लेकर राजभवन के समक्ष धरना स्थल पर धरना दे रहे हैं। वहीं आज पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ के अभ्यर्थियों से मुलाकात की। इस दौरान रघुवर दास ने हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार को निठल्ली और निकम्मी सरकार बताया। साथ ही यह भी कहा की भाजपा सरकार आएगी तो सभी लोगों को सुना जाएगा। 2024 के चुनाव में सबका भला होगा।
उन्होंने स्वयंसेवकों को आश्वस्त किया कि 2024 चुनाव में उनकी मांगों को मेनिफेस्टो में शामिल किया जाएगा। संघ के अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि पिछले 14 दिनों से स्वयंसेवक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। उनकी पांच सूत्री मांग है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।
ये हैं मांगे
- पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक को एक निश्चित मानदेय दिया जाए।
- स्वयंसेवकों का समायोजन किया जाए।
- स्वयंसेवकों को स्थाई किया जाए।
- स्वयंसेवकों का नाम बदल कर, पंचायत सचिवालय सहायक या मित्र किया जाए।
- संघ के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात मुख्यमंत्री से कराई जाए।










